ब्लैकआउट अलर्ट: 7 मई को आगरा में ब्लैकआउट, नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी

आगरा। देश की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार बेहद गंभीर है। पाकिस्तान के साथ संभावित तनाव के बीच देशभर के संवेदनशील शहरों में हवाई हमले से बचाव की पूर्व नियोजित मॉक ड्रिल कराई जा रही है। इसी क्रम में आगरा में भी 7 मई को रात 8:00 से 8:10 तक ब्लैकआउट किया जाएगा, जिसमें प्रशासन की ओर से हर नागरिक की भागीदारी और सतर्कता को बेहद जरूरी बताया गया है।

May 6, 2025 - 19:25
 0
ब्लैकआउट अलर्ट: 7 मई को आगरा में ब्लैकआउट, नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी

जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जनहित में एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे सभी प्रकार के प्रकाश स्रोत—लाइट, इन्वर्टर, टॉर्च, मोबाइल फ्लैश आदि—पूरी तरह बंद रखें। घरों की खिड़कियों पर काले कागज़ या मोटे पर्दे लगाएं ताकि कोई भी रोशनी बाहर न जाए।

आगरा अलर्ट पर 

आगरा का सामरिक महत्व देश के प्रमुख शहरों में से है। यहां एयरफोर्स स्टेशन, छावनी तो है ही, ताजमहल जैसी वैश्विक विरासत की सुरक्षा प्राथमिकता में है। आगरा में सिविल डिफेंस और पुलिस ने मॉक पेट्रोलिंग शुरू कर दी है।

नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी: युद्ध जैसी स्थिति से कैसे निपटें?

आगरा जिला प्रशासन ने आगरावासियों के लिए एक व्यापक हवाई हमले से बचाव गाइड जारी की है, जिसे हर नागरिक को अपने मोबाइल में सेव कर लेने की सलाह भी दी गई है।

अलर्ट और सतर्कता

नागरिकों से अपील की गई है कि एयर रेड सायरन की पहचान करें। मोबाइल रेडियो अथवा अन्य माध्यमों से सरकारी अलर्ट प्राप्त करें। अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

सुरक्षित स्थान चिन्हित करें

निकटतम बंकर अथवा सार्वजनिक शरणस्थल की जानकारी रखें। अपने घर में मजबूत, खिड़की रहित कमरा तय करें। नजदीकी बंकर या सार्वजनिक शरणस्थल तक शीघ्र पहुंचने का मार्ग पूर्व निर्धारित रखें।

ज़रूरी सामान तैयार रखें

प्रशासन की ओर से यह भी सलाह दी गई है कि लोग तीन दिन का पीने योग्य जल रखें। इसके साथ ही ड्राय फूड व बिस्कुट आदि के साथ ही प्राथमिक चिकित्सा किट भी साथ रखें। टॉर्च, बैटरियां, रेडियो, पावर बैंक, ज़रूरी दस्तावेज़ (पहचान पत्र, चिकित्सा रिपोर्ट, बैंक विवरण आदि) भी रखें।

पूर्ण ब्लैकआउट सुनिश्चित करें

नागरिक रात के समय पूर्ण ब्लैकआउट सुनिश्चित करें, जिसमें सभी लाइटें बंद करें, और खिड़कियों को मोटे पर्दों, काले कागज अथवा ब्लाइंड्स से ढंक दें। शीशों से दूर रहें, ज़रूरत पड़ने पर ज़मीन पर लेट जाएं।

परिवार और समुदाय को शामिल करें

सभी नागरिक अपने परिवार और बच्चों के साथ हवाई हमले से बचाव की ड्रिल का अभ्यास करें। पड़ोसियों से संपर्क बनाए रखें और सामूहिक सहयोग सुनिश्चित करें।

हमले के बाद की सावधानियां

केवल सरकारी निर्देश मिलने के बाद ही घर से बाहर निकलें। संदिग्ध वस्तु न छुएं और इसकी सूचना पुलिस को दें।

सोशल मीडिया पर ज़िम्मेदारी दिखाएं

कोई भी अफवाह न फैलाएं। अनधिकृत वीडियो या तस्वीरें साझा करने से बचें। भावनात्मक या उकसाने वाली पोस्ट से बचें। यह शांति और सुरक्षा के लिए घातक हो सकता है। सोशल मीडिया पर संयम और समझदारी, हमारी नागरिक जिम्मेदारी है।

SP_Singh AURGURU Editor