पाकिस्तान में धमाके दर धमाके, सेना, एयरबेस, लाहौर, कराची, रावलपिंडी और बहावलपुर में ड्रोन से हमले
लाहौर/कराची/रावलपिंडी। पाकिस्तान के शहर-शहर आज सुबह से ही कोहराम मचा हुआ है। लाहौर, कराची, बहावलपुर और रावलपिंडी में एक-एक कर धमाके हो रहे हैं। लाहौर में तो सुबह एक-एक कर छह सीरियल ब्लास्ट हुए। यही नहीं दोपहर में लाहौर में एयर डिफेंस सिस्टम भी एक धमाके के बाद उड़ गया है। पाकिस्तान में इस वक्त अफरा-तफरी का आलम है। लोग घरों से निकलकर इधर-उधर भाग रहे हैं। एक बहुत बड़ी खबर ये मिल रही है कि पाकिस्तान के सारे एयर डिफेंस सिस्टम ड्रोन से हमले कर ध्वस्त कर दिये गये हैं। रावलपिंडी में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के हेडक्वार्टर के पास धमाके होने की खबरें मिल रही हैं।
-पाकिस्तान के सारे एयर डिफेंस सिस्टम ब्लास्ट में तबाह, लाहौर तो सुबह से ही थर्रा रहा
-पूरे पाकिस्तान में अफरा-तफरी का आलम, लोग जान बचाने को इधर-उधर भाग रहे हैं
सुबह के समय लाहौर के वॊल्टन एयरपोर्ट के पास एक एक कर छह स्थानों पर ब्लास्ट हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसमान से उड़ते ड्रोन से बम गिराये गये, जिनसे ये ब्लास्ट हुए हैं। धमाके वाली जगहों पर अफरा-तफरी फैल गई। लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर भागते देखे गये। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इन धमाकों में कितने लोग हताहत हुए हैं। लाहौर में हैवी गन फायर और एक और बड़ा ब्लास्ट हुआ।
अभी इन धमाकों की स्थिति से लोग उबरे भी नहीं थे कि लाहौर स्थित एयर डिफेंस सिस्टम पर एक धमाका हुआ और यह पूरा सिस्टम ब्लास्ट में नष्ट हो गया। इसके बाद लाहौर में एक और धमाका हुआ। इसके साथ ही लाहौर में हैवी गन फायर की आवाज आने लगीं। इससे एक बार फिर अफरा-तफरी फैल गई।
लाहौर में भोर से ही धमाकों का सिलसिला शुरू हुआ है जो दोपहर तक रुक-रुक कर जारी है। इससे पूरे शहर में दहशत कायम हो गई है। लोग बचने के लिए इधर से उधर दौड़ लगा रहे हैं। पु पुलिस सूत्रों का कहना है कि लाहौर के वॉल्टन एयरपोर्ट के पास ड्रोन ब्लास्ट हुआ है। कहा जा रहा है कि जैमिंग सिस्टम के जरिए ड्रोन को मार गिराया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाहौर के अक्सारी 5 रोड के पास भी दो बड़े धमाकों की आवाज सुनी गई। यहां नेवल कॉलेज से धुआं उठते देखा गया।
लाहौर में सुबह के सीरियल धमाकों की स्थिति से लोग उबरे भी नहीं थे कि कराची शहर में एक बड़ा ब्लास्ट हुआ, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरा मच गई। इसके बाद कराची में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
इसी बीच रावलपिंडी में भी एक बड़ा ब्लास्ट की सूचना मिली है। पाकिस्तानी सेना के एक एयरबेस पर भी एक साथ कई ड्रोन से हमला किया गया है। एयरबेस पर बम गिराये गये हैं, जिससे एयरबेस पर भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।
आतंक की कमर तोड़ने के लिए भारतीय सेना ने मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना के संयुक्त ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पीओके के जिन नौ आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई, उनमें बहावलपुर, मुरीदके, गुलपुर, भिंबर, चाक अमरू, बाग, कोटली, सियालकोट और मुजफ्फराबाद है। बहावलपुर में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के हेडक्वार्टर और मुदिरके में लश्कर-ए-तैयबा के हेडक्वार्टर को निशाना बनाया गया।