आगरा के किनारी बाजार में आधी रात में गूंजी धमाके की आवाज, चार मंजिला इमारत बनी मलबा

आगरा के किनारी बाजार में देर रात एक जर्जर चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। बाजार बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और अन्य खतरनाक इमारतों की जांच शुरू कर दी है।

Apr 10, 2026 - 00:52
Apr 10, 2026 - 01:00
 0
आगरा के किनारी बाजार में आधी रात में गूंजी धमाके की आवाज, चार मंजिला इमारत बनी मलबा
किनारी बाजार में घटनास्थल से लोगों को पीछे हटाती पुलिस।

आगरा। आगरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित किनारी बाजार में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सीताराम कालोनी निवासी सराफ़ रिंकू बंसल का तीन मंजिला शोरूम अचानक भरभराकर ढह गया । गनीमत यह रही कि घटना के समय पूरा बाजार बंद था, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

रात की खामोशी को चीरती तेज धमाके की आवाज ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आवाज इतनी तेज थी कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो चुकी थी। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गिरने वाली इमारत काफी समय से बंद पड़ी थी और उसकी हालत बेहद जर्जर थी। उसके पीछे एक अन्य का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी वजह से अचानक यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि उस समय इमारत के अंदर या आसपास कोई मौजूद नहीं था।

प्रशासन ने एहतियातन मलबा हटाने का कार्य शुरू करा दिया है और आसपास की अन्य पुरानी एवं कमजोर इमारतों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जर्जर भवनों को चिन्हित कर समय रहते कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।