जिम की अंधी दौड़ में टूटा रिश्ता! प्रोटीन सप्लीमेंट ने छीन ली वैवाहिक खुशियां

आगरा। आधुनिक जीवनशैली और जिम कल्चर अब कई रिश्तों पर भारी पड़ने लगे हैं। ताज़ा मामला आगरा का है, जहाँ एक कारोबारी की शादी को महज़ आठ महीने ही हुए थे, लेकिन दांपत्य जीवन में दरार इस कदर गहरी हो गई कि रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया।

Sep 29, 2025 - 12:26
 0
जिम की अंधी दौड़ में टूटा रिश्ता! प्रोटीन सप्लीमेंट ने छीन ली वैवाहिक खुशियां
आगरा कमिश्नरेट स्थित परिवार परामर्श केंद्र।

आगरा। आधुनिक जीवनशैली और जिम कल्चर अब कई रिश्तों पर भारी पड़ने लगे हैं। ताज़ा मामला आगरा का है, जहाँ एक कारोबारी की शादी को महज़ आठ महीने ही हुए थे, लेकिन दांपत्य जीवन में दरार इस कदर गहरी हो गई कि रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया।

नवविवाहिता ने अपने पति पर शारीरिक रूप से अनफिट होने का गंभीर आरोप लगाया। मामला सीधे परिवार परामर्श केंद्र तक जा पहुँचा। काउंसलिंग के दौरान बड़ा खुलासा हुआ कि कारोबारी नियमित रूप से जिम जाता है और बॉडी बनाने की चाह में अत्यधिक मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट लेता रहा। यही उसकी यौन क्षमता में कमी की प्रमुख वजह बन गई।

पत्नी ने किया इनकार

परामर्शदाताओं ने महिला को समझाने की पूरी कोशिश की कि समस्या का इलाज संभव है और पति भी सुधार का प्रयास कर सकता है। लेकिन युवती साफ़ कह चुकी है कि वह अब साथ रहने को तैयार नहीं है।

बढ़ती होड़, बिगड़ते रिश्ते

परामर्श केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। युवाओं में फिटनेस और बॉडी बनाने की होड़ इतनी बढ़ गई है कि वे अंधाधुंध सप्लीमेंट्स का सेवन कर रहे हैं। इससे न केवल सेहत बिगड़ रही है, बल्कि वैवाहिक रिश्तों में भी गंभीर दरारें पड़ रही हैं।

परामर्श केंद्र की काउंसलिंग

रविवार को परामर्श केंद्र में कुल 85 दंपतियों को बुलाया गया। इनमें से 8 जोड़ों में समझौता कराया गया, जबकि 16 केस बिना नतीजे के बंद करने पड़े। काउंसलिंग की देखरेख परामर्श केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह सिद्धू ने की। इस दौरान एसआई धवल सिंह, एसआई चंद्रकांता, दीक्षा चौधरी, प्रेरणा तिवारी, पूनम शर्मा, नीतू सिंह और प्रियंका सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।