पंचायत चुनाव की रंजिश में बहा खून: आगरा के जैतपुर क्षेत्र में अवनीश यादव की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें दे रहीं ताबड़तोड़ दबिशें, तीन किलोमीटर तक पीछा कर कार पर बरसाईं थीं गोलियां, घायल दूसरे का इलाज जारी

आगरा जनपद के जैतपुर क्षेत्र में पुरानी प्रधानी की रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। गांव प्यारामपुरा के पास कार सवार दो सगे भाइयों पर बाइक और कार सवार बदमाशों ने तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस सनसनीखेज हमले में गंभीर रूप से घायल अवनीश यादव ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उनके भाई उपेंद्र यादव का उपचार जारी है। अब इस बहुचर्चित हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिशें दे रही हैं।

Jun 2, 2026 - 11:33
 0
पंचायत चुनाव की रंजिश में बहा खून: आगरा के जैतपुर क्षेत्र में अवनीश यादव की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें दे रहीं ताबड़तोड़ दबिशें, तीन किलोमीटर तक पीछा कर कार पर बरसाईं थीं गोलियां, घायल दूसरे का इलाज जारी
जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करती हुई।

आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र में सोमवार शाम करीब आठ बजे हुई फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। बताया गया है कि जैतपुर निवासी अवनीश यादव पुत्र किताब सिंह और उनके भाई उपेंद्र यादव कार से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव प्यारामपुरा के पास बाइक और स्विफ्ट कार सवार हमलावरों ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले में दोनों भाइयों को गोली लगी और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे।

इलाज के दौरान अवनीश ने तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां उपचार के दौरान अवनीश यादव की हालत लगातार गंभीर बनी रही। देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उपेंद्र यादव के हाथ में गोली लगी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

ग्राम प्रधान इंद्राज यादव नामजद

पीड़ित परिवार ने पुरानी प्रधानी की रंजिश को घटना की मुख्य वजह बताया है। परिजनों ने ग्राम प्रधान इंद्राज यादव को मुख्य आरोपी नामजद करते हुए कुछ अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

पांच टीमों को सौंपी गई जिम्मेदारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बातचीत की और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है।

कई संदिग्ध हिरासत में, जल्द खुलासे के संकेत

पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। कई संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

गांव में तनाव, पुलिस की कड़ी निगरानी

अवनीश यादव की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। गांव और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

सहायक पुलिस आयुक्त हरे कृष्ण शर्मा ने बताया कि एक जून 2026 को शाम लगभग आठ बजे दो व्यक्तियों को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना में अवनीश यादव पुत्र किताब सिंह निवासी जैतपुर की मृत्यु हो गई, जबकि उपेंद्र यादव घायल हैं और खतरे से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है तथा वैधानिक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor