आगरा में आभूषण क्लस्टर के विकास पर चैंबर भवन में हुआ मंथन  

आगरा। चैम्बर भवन में एक्जिम बैंक और आभूषण निर्यात प्रोत्साहन काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में हुई एक सेमिनार में आगरा में आभूषण निर्यात क्लस्टर विकास पर मंथन हुआ। स्थानीय व्यवसाइयों को आभूषण को जीआई टैग लेने पर जोर दिया गया। टैग लेने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने का भरोसा भी इस सेमिनार में दिया गया।

Dec 11, 2024 - 19:37
 0
आगरा में आभूषण क्लस्टर के विकास पर चैंबर भवन में हुआ मंथन   
नेशनल चैंबर भवन में बुधवार को हुई सेमिनार में मौजूद चैंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता, एग्जिम बैंक की मुख्य प्रबंधक जाह्नवी सिंह और चैंबर के सदस्य।

-आभूषण निर्यात में एक्ज़िम बैंक ने दिया हर तरह के सहयोग का भरोसा, जीआई टैग समेत कई अन्य कठिनाइयों पर भी चर्चा

चैम्बर के अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस सेमिनार में एग्जिम बैंक की मुख्य प्रबन्धक श्रीमती जान्हवी सिंह ने आगरा से आभूषण निर्यात व्यापार बढ़ाने जोर दिया और बताया कि एग्जिम बैंक द्वारा वित्तीय, तकनीकी, मार्केटिंग एवं नीति निर्धारण की कठिनाईयों को दूर करने के प्रयास किये जाते हैं। यदि नीति निर्धारण से सम्बन्धित कठिनाईयां होती है तो डीजीएफटी के साथ वार्ता की जाती है।

श्रीमती सिंह ने कहा कि एग्जिम बैंक के द्वारा यदि आप निर्यात व्यापार करते हैं तो भुगतान प्राप्त करने की गारन्टी होती है। गुणवत्ता में सुधार के लिए तकनीकी उन्नयन हेतु वित्तीय सहयोग भी प्रदान किया जाता है।

सेमिनार में आगरा के आभूषण निर्माता उद्यमियों ने अपनी समस्याएं बताईं और कहा कि आगरा में कच्चा माल सस्ती दर पर उपलब्ध न होने एवं तकनीकी उन्नयन हेतु मशीन आयात करने के लिए उच्च ब्याज दर पर वित्तीय सहयोग प्राप्त होता है, जबकि विदेशों में तकनीकी उन्नयन हेतु मशीन क्रय करने पर कम ब्याज दर होती है। इसी वजह से आगरा के उद्यमी अन्तर्राष्ट्रीय मार्केट की प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाते हैं।

सेमिनार का संचालन कर रहे आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा चांदी के क्षेत्र में एशिया की सबसे बड़ी मंडी है, किन्तु निर्यात व्यापार में कानूनी परेशानियां हैं। जैसे जीआई टैग के लिए आगरा में बंधेल आभूषण में शुद्धता का कोई पैरामीटर निर्धारित नहीं है। ऐसे ही बीआईएस हॉलमार्किंग में समस्या है।

आभूषण निर्यात प्रोत्साहन काउंसिल के कौशल चौहान ने बताया कि जीआई टैग आवेदन हेतु हम आगरा के आभूषण निर्माताओं को पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने इसके आवेदन का तरीका भी समझाया।

चैम्बर अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि आगरा में आभूषण निर्यात के प्रोत्साहन हेतु धरातल स्तर पर स्टैप बाई स्टैप छोटे-छोटे प्रयास करते हुए उद्यमी इच्छाशक्ति उत्पन्न करें और खुद को मानसिक रुप से तैयार करें। इससे आगरा अंतराष्ट्रीय बाजार में सबसे बड़ा उद्यम केंद्र सिद्ध हो सकता है।

सेमिनार में एक्जिम बैंक की वरिष्ठ एग्जीक्यूटिव गार्गी सिद्धार्थ कांबले, आभूषण निर्यात प्रोत्साहन काउंसिल के क्षेत्रीय निदेशक संजीव भाटिया, प्रणवेश हाजरा, चैम्बर के उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग विकास प्रकोष्ठ के चेयरमैन सुधीर गुप्ता, योगेश जिन्दल, सतीश अग्रवाल, मयंक जैन, मुस्कान अग्रवाल, अंकुर गोयल, पवन, धीरज वर्मा, रितेश गुप्ता, अंकित कुमार अग्रवाल, राकेश गुप्ता, विकास वर्मा, प्रशांत सुराना, बी. के. अग्रवाल, मंगल सिंह, विकास आनन्द वर्मा आदि भी मौजूद थे।

SP_Singh AURGURU Editor