ब्रज रज उत्सव कल से, मथुरा का रेलवे ग्राउंड सज–धजकर तैयार, पांच तक चलेगा सांस्कृतिक महाकुंभ

मथुरा। धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड ब्रज रज उत्सव के स्वागत के लिए पूरी तरह सज–धजकर तैयार हो गया है। यह 11 दिवसीय उत्सव 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा और इसमें ब्रज की भक्ति, संस्कृति, गीत-संगीत और लोक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और सांसद हेमा मालिनी द्वारा संयुक्त रूप से रविवार को शाम पांच बजे उत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।

Oct 25, 2025 - 22:01
 0
ब्रज रज उत्सव कल से, मथुरा का रेलवे ग्राउंड सज–धजकर तैयार, पांच तक चलेगा सांस्कृतिक महाकुंभ
ब्रज रस उत्सव में अंतिम दिन सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका कृष्ण-यशोदा का भी मंचन होगा। इसी नृत्य नाटिका के एक दृश्य का फाइल फोटो।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में विशाल पंडाल और मंच तैयार किए गए हैं। मेला क्षेत्र में झूले, 100 स्टॉल, 30 फूड कोर्ट, 15 हैंडीक्राफ्ट, 20 ‘वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट’, 10 खादी, 10 स्वदेशी और 10 सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। अतिथियों और आम जनता के लिए चार आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं।

प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक स्थानीय कलाकार ब्रज की लोक परंपरा, गीत-संगीत और लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्कूली बच्चे सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे। मुख्य कार्यक्रम के दौरान शाम 6 बजे प्रमुख कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण और सांसद हेमा मालिनी द्वारा विशाल गुब्बारा छोड़ा जाएगा और इसके उपरांत अतिथि मेला स्थल का अवलोकन करेंगे। उद्घाटन के पश्चात देश की प्रमुख क्लासिकल नृत्यांगना यास्मीन सिंह द्वारा नृत्य नाटिका ‘द डिवाइन कृष्णा’ की प्रस्तुति दी जाएगी।

ब्रज रज उत्सव के आयोजक श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक मनोरंजन का मंच नहीं है, बल्कि ब्रज की ऐतिहासिक और धार्मिक परंपराओं को संजोने और युवाओं में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का भी माध्यम है।

SP_Singh AURGURU Editor