आगरा के बरहन में मिठाई की दुकान पर नाश्ता बना बवाल, दो पक्षों में जमकर पथराव, इलाके में दहशत

आगरा। आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मिठाई की दुकान पर नाश्ता कर रहे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। यह घटना पुराने थाना कस्बे की बताई जा रही है, जहां देखते ही देखते विवाद हाथापाई, लाठी-डंडों और फिर पथराव तक पहुंच गया।

Jan 4, 2026 - 15:44
 0
आगरा के बरहन में मिठाई की दुकान पर नाश्ता बना बवाल, दो पक्षों में जमकर पथराव, इलाके में दहशत
बरहन में आपसी विवाद के बाद मारपीट करते युवक।

आगरा। आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मिठाई की दुकान पर नाश्ता कर रहे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। यह घटना पुराने थाना कस्बे की बताई जा रही है, जहां देखते ही देखते विवाद हाथापाई, लाठी-डंडों और फिर पथराव तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। बात बढ़ने पर एक-दूसरे पर हाथ चलने लगे और फिर दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव इतना भीषण था कि आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए इलाके में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई दुकानों के शटर आनन-फानन में गिरा दिए गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पथराव में शामिल दोनों पक्ष वहां से फरार हो गए।

बरहन थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।