नशे में हैवान बना भाई, पत्थरों से कुचलकर छोटे भाई की बेरहमी से हत्या
आगरा के हरी पर्वत थाना क्षेत्र के नगला छिद्दा में नशे की हालत में बड़े भाई ने पत्थरों से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना से परिवार और इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
आगरा। आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के नगला छिद्दा इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नशे की हालत में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
नगला छिद्दा निवासी लक्ष्मी नारायण, जो पेशे से सब्ज़ी विक्रेता हैं, के तीन पुत्र हैं। तीनों अविवाहित। बीते रविवार को लक्ष्मी नारायण अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनके दो बेटे मौजूद थे, जिनमें बड़ा पुत्र पवन (26 वर्ष) नशे का आदी बताया जा रहा है और मानसिक रूप से भी अस्थिर है।
रात करीब 10 बजे, किसी बात को लेकर पवन और दूसरे नंबर के पुत्र अजय (20 वर्ष) के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत पवन ने पास पड़े पत्थरों से अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अजय को जमीन पर गिराकर बेरहमी से कुचल दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपी पवन अजय को मरणासन्न हालत में घसीटते हुए घर के पास स्थित एक लकड़ी काटने वाले गोदाम तक ले गया और वहां पटक कर छोड़ आया। इसके बाद वह वापस घर लौट गया, मानो कुछ हुआ ही न हो।
कुछ देर बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। वे घायल अजय को तत्काल एस.एन. मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात पड़ोसियों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत घर पहुंचे और पुलिस को फोन किया, लेकिन संपर्क न हो पाने के कारण सुबह तड़के पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी भाई पवन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।