देखने-दिखाने लायक बनने जा रहा यमुना पार का बुद्धा पार्क

आगरा। आगरा के यमुना पार क्षेत्र में शाहदरा चुंगी और एडीए की कालिंदी विहार आवासीय योजना के पास सौ फुटा रोड पर स्थित बुद्धा पार्क आने वाले समय में इतना खूबसूरत होने जा रहा है कि लोग इसे देखने पहुंचा करेंगे। मायावती सरकार के समय विकसित किया गया यह पार्क वर्तमान में खस्ताहाल है। अब पौने ग्यारह करोड़ से अधिक धनराशि से पार्क का कायाकल्प होने जा रहा है।

Feb 21, 2025 - 11:16
 0
देखने-दिखाने लायक बनने जा रहा यमुना पार का बुद्धा पार्क
यमुना पार स्थित बुद्धा पार्क नये लुक में कुछ इस तरह का दिखेगा। अंतिम चित्र पार्क की वर्तमान स्थिति का है।

-विधायक डॊ. धर्म पाल सिंह के प्रयास रंग लाए, शासन ने 10.82 करोड़ की धनराशि मंजूर की

-पार्क में एंट्रेंस, पार्किंग, कैफेटेरिया, ओपन थिएटर, लैंडफिल माउंट और टॊयलेट ब्लॊक भी होगा

यह पार्क एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र में आता है। यमुना पार के बड़े इलाके में कोई ऐसा बड़ा पार्क नहीं है, जहां लोग आ-जा सकें। शहर के प्रमुख पार्क यमुना के इस ओर हैं, जहां तक पहुंचना यमुना पार के लोगों के लिए संभव नहीं हो पाता।

कभी कूड़े का पहाड़ था बुद्धा पार्क

जिस जगह पर आज बुद्धा पार्क है, एक समय वहां खत्ताघर था। शहर भर से निकलने वाला कचरा इसी जगह पर एकत्रित किया जाता था। धीरे-धीरे यहां कूड़े का पहाड़ खड़ा हो गया था। आगरा से टूंडला की ओर जाते समय कूड़े के इस पहाड़ से उठने वाली दुर्गंध की वजह से यहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता था। कूड़े के इस पहाड़ का निस्तारण कर पाना भी संभव नहीं हो पा रहा था, इसलिए इसे पार्क का स्वरूप देने की योजना तैयार की गई। तब यूपी में मायावती की सरकार थी। सरकार से बजट मिला तो कूड़े का यही पहाड़ एक खूबसूरत पार्क में बदल गया। 

बाद की सरकारों ने इस पार्क की ओर ध्यान नहीं दिया। नगर निगम ने भी इस पार्क के रखरखाव की ओर मुड़कर भी नहीं देखा। नतीजा यह हुआ कि यह खस्ताहाल होता चला गया। आज यह पार्क इतना बदहाल हो चुका है कि इसे पार्क नहीं कहा जा सकता।

शासन ने मंजूर किेए हैं 10.82 करोड़

एत्मादपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक डॊ. धर्म पाल सिंह ने अपने क्षेत्र के इस बड़े पार्क का कायाकल्प कराने के लिए पहल की। विधायक ने पहले तो नगर निगम के अधिकारियों को साथ ले जाकर पार्क दिखाया और फिर इसे खूबसूरत बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। नगर निगम के इंजीनियरों ने पार्क को देखने लायक बनाने के लिए वृहद प्रस्ताव तैयार किया और शासन को भेज दिया। 

इसके बाद विधायक डॊ. धर्म पाल सिंह ने शासन स्तर पर सघन पैरवी की। विधायक की इस पैरोकारी के सुखद नतीजे सामने आ गए हैं। सरकार ने 10.80 करोड़ रुपये के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। धनराशि भी जारी कर दी गई है। अब नगर निगम को काम शुरू कर पार्क को नया लुक देना है।

एंट्रेंस प्लाजा, पाथवे, ओपन थिएटर होगा

बुद्धा पार्क को पहले से भी ज्यादा खूबसूरत बनाने के लिए शासन से 10.82 करोड़ का जो प्रस्ताव तैयार हुआ है, उसमें 2.46 करोड़ रुपये से पार्क का एंट्रेस प्लाजा और पार्किंग तैयार की जाएगी। 1.78 करोड़ रुपये से पार्क में पाथवे तैयार किए जाएंगे। 65 लाख रुपये की लागत से ओपन एंफली थिएटर बनाया जाएगा। लैंडफिल माउंट एरिया का कार्य 28.72 लाख रुपये से पूरा किया जाएगा।

कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा पार्क में

इन कामों के अलावा पार्क में 20.55 लाख रुपये से टायलेट्स ब्लॊक बनाए जाएंगे। पार्क में कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा, जिसके निर्माण पर 53 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्क में एडमिनिस्ट्रेटिव ऒफिस भी 53 लाख रुपये की लागत से तैयार होगा। आर्किटेक्ट चार्ज और जीएसटी मिलाकर कुल 10.82 करोड़ का आगणन है।

बुद्धा पार्क को नये सिरे से विकसित करने के लिए शासन से धनराशि मंजूर कराने के बाद विधायक डॊ. धर्म पाल सिंह अब इसका काम जल्द से जल्द शुरू कराने पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं। इस सिलसिले में वे नगर निगम अधिकारियों के निरंतर सम्पर्क में हैं।

SP_Singh AURGURU Editor