बदायूं में 79 लाख और जेवर उड़ाए, फिर कार का शीशा तोड़ रची चोरी की कहानी; चालक समेत दो गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। बदायूं के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में कार का पिछला शीशा तोड़कर 79 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी और 101.680 ग्राम पीली धातु के आभूषण व टुकड़े बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को सामान्य चोरी का रूप देने के लिए कार का शीशा तोड़ा गया था, जबकि घटना पूर्व नियोजित थी।

Sep 12, 2026 - 18:48
 0
बदायूं में 79 लाख और जेवर उड़ाए, फिर कार का शीशा तोड़ रची चोरी की कहानी; चालक समेत दो गिरफ्तार
कार से कैश और जेवरात की चोरी के आरोप में गिरफ्तार कार चालक और उसका साथी।

डीआईजी बरेली अजय कुमार साहनी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि 10 सितंबर को शेख दिलावर हुसैन बदायूं से मेरठ जा रहे थे। नवादा दास डिग्री कॉलेज के पास बिरयानी खाने के लिए चालक और कारीगर कार से चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो कार का पिछला शीशा टूटा मिला और उसमें रखी नकदी व सोने के जेवरात गायब थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के आदेश पर सिविल लाइन्स पुलिस ने जांच के बाद मेरठ निवासी आरिफ अंसारी और वसीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरिफ के पास से 101.680 ग्राम पीली धातु के आभूषण एवं टुकड़े, जबकि वसीम के पास से 50 लाख रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल हुंडई वर्ना कार से 29 लाख रुपये और एक प्लास भी मिला। पुलिस ने कुल 79 लाख रुपये नकद और 101.680 ग्राम पीली धातु बरामद करने का दावा किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में रिश्तेदार हैं और कर्ज के कारण उन्होंने वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरिफ पीड़ित के यहां चालक था। उसने कर्मचारी को बहाने से अपने साथ ले जाकर वसीम की मदद से कार में रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद चोरी को सामान्य घटना दिखाने के लिए कार का शीशा तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी का माल लेकर मेरठ जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 323/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2) और 324(4) में कार्रवाई की गई है।

त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने भी सिविल लाइन्स पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की।

SP_Singh AURGURU Editor