आगरा के पिनाहट में दीपावली से पहले खुला चंबल का पैंटून पुल, चार महीने की परेशानी हुई दूर, यूपी-एमपी के लोगों को मिली बड़ी राहत
आगरा। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला चंबल नदी का पांटून पुल दीपावली से पहले चालू कर दिया गया है। पिछले चार महीने से स्टीमर सेवा बंद होने के कारण आवागमन में परेशानी झेल रहे दोनों राज्यों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को पुल शुरू होने से राहत मिली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), आगरा ने स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए निर्माण और संचालन संबंधी कार्य तेजी से पूरा कराया। पुल चालू होने के बाद अब लोगों को चंबल पार करने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।
चंबल नदी पर स्थित यह पांटून पुल उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट क्षेत्र को मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से जोड़ता है। पिछले करीब चार महीने से मध्य प्रदेश प्रशासन की ओर से स्टीमर का संचालन बंद कराया गया था। इसके चलते नदी के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक और लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा था। खासकर रोजमर्रा के काम, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वालों को परेशानी हो रही थी।
15 अक्टूबर से 15 जून तक रहता है संचालन
चंबल पांटून पुल का संचालन सामान्यतः 15 अक्टूबर से 15 जून तक किया जाता है। इस अवधि में दुपहिया, चार पहिया वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए पुल निशुल्क उपलब्ध रहता है। पुल चालू होने से सीमावर्ती ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा फिर से मिल गई है। दीपावली से पहले रास्ता खुलने से लोगों में खुशी है, हालांकि चार महीने की परेशानी के बाद मिली इस राहत को लोग अभी थोड़ी खुशी के रूप में देख रहे हैं।
थाना प्रभारी ने किया घाट का निरीक्षण
पांटून पुल चालू होने के बाद थाना प्रभारी पिनाहट वीरेश पाल गिरी ने पुलिस टीम के साथ चंबल नदी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा के संबंध में पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुल से गुजरने वाले लोगों और वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
चंबल पांटून पुल शुरू होने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें नदी पार करने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।