चैंबर अध्यक्ष ने पेश किया सौ दिन का रिपोर्ट कार्ड, उद्योग और व्यापार हित में अहम कार्य कराए

आगरा। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के अध्यक्ष संजय गोयल ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिन की प्रमुख उपलब्धियों को साझा करते हुए दावा किया कि चैम्बर ने व्यापार और उद्योग से जुड़े जमीनी मुद्दों पर प्रभावी पहल की है। रेलवे, ट्रैफिक, अग्निशमन, महिला उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण से लेकर विशेष आर्थिक क्षेत्र की मांग तक, चैम्बर की सक्रियता हर स्तर पर दिखाई दी।

Jul 12, 2025 - 17:03
 0
चैंबर अध्यक्ष ने पेश किया सौ दिन का रिपोर्ट कार्ड, उद्योग और व्यापार हित में अहम कार्य कराए
नेशनल चैंबर सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते अध्यक्ष संजय गोयल। उनके साथ मौजूद हैं उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल आदि।

चैंबर सभागार के अध्यक्ष संजय गोयल ने प्रेस से वार्ता करते हुए बताया कि 100 दिन में 100 सदस्य जोड़ने के लक्ष्य के अंतर्गत चैम्बर ने सदस्यता शुल्क में वृद्धि के बावजूद सदस्यता अभियान को गति दी और 100 दिनों में 100 नए सदस्य बनाने के लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर हुआ। यह उद्योग जगत में चैम्बर की विश्वसनीयता का प्रतीक है।

राज्यपाल और केंद्रीय मंत्रियों से उच्चस्तरीय मुलाकातें

चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर 77वें स्थापना दिवस में आमंत्रण दिया। वहीं, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात में 2 करोड़ की सीमा को बढ़ाकर 10 करोड़ करने की मांग स्वीकार हुई और बीआईएस लैब की स्थापना के मुद्दे पर तत्काल कार्यवाही का आश्वासन मिला।

रेलवे विभाग से समझदारीपूर्ण संवाद

उन्होंने बताया कि  डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल से मुलाकात में आगरा कैंट पर गोल्फ कार्ट, वृक्षारोपण की सहमति, ईदगाह स्टेशन को प्रमुख स्टेशन बनाने और सुरक्षा दीवार निर्माण जैसे निर्णय कराए गए।

फायर विभाग से एनओसी प्रक्रिया में सरलीकरण

श्री गोयल ने बताया कि महानिदेशक अग्निशमन से पहली बार चैम्बर की सीधी बातचीत हुई। इसमें 15 दिन में एनओसी देने, 18000 लीटर के टैंकर देने और जागरूकता कार्यक्रम की अधिकारिक घोषणा की गई।

महिला उद्यमिता को तकनीकी शक्ति

चैंबर के महिला उद्यमिता प्रकोष्ठ की बैठक में एआई की सहायता से व्यापार बढ़ाने की कार्यशाला हुई, जिसमें डॉ. तान्या सिंह ने व्यावसायिक लाभ के लिए तकनीक की भूमिका बताई।

यातायात व्यवस्था में चैम्बर की सक्रिय भूमिका

चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक अभिषेक अग्रवाल से वार्ता कर हरीपर्वत चौराहे की रेडलाइट टाइमिंग 180 सेकंड से घटाकर 60 सेकंड कराई गई। यमुना किनारा, सुल्तानगंज पुलिया पर ट्रैफिक कर्मी बढ़ाने की मांग मानी गई।

उद्योग मंत्री व अन्य अधिकारियों से सार्थक संवाद

उन्होंने बताया कि यूपी के उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी से मुलाकात में सीएफसी भवन में 1000 वर्गमीटर भूखंड की मांग की गई। साथ ही लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड में परिवर्तन, समाधान पोर्टल, ODOP में चांदी और ब्रश उद्योग को शामिल करने की मांग रखी गई।

चम्बल सफारी और पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी भूमिका

चैंबर प्रतिनिधिमंडल की डीएफओ चांदनी सिंह से भेंट में चम्बल सफारी को शीघ्र शुरू करने, कीठम में रिसोर्स सेंटर खोलने व गोल्फ कार्ट सुविधा देने पर सहमति बनी। चैम्बर ने जयपुर हाउस, विमल वाटिका और कर्मयोगी एन्क्लेव में वृक्षारोपण भी कराया।

आगरा के विकास के लिए नीति स्तर पर पत्राचार

चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि आगरा को विशेष आर्थिक क्षेत्र घोषित करने, आईटी सिटी की स्थापना, फिल्म एवं मीडिया विश्वविद्यालय, विधि विश्वविद्यालय, सामुदायिक रेडियो को बढ़ावा देने और स्टोन इनले वर्क पर जीएसटी दर घटाने जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा गया है, जिसके सार्थक नतीजों की उम्मीद है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा को भी प्राथमिकता

मैक्स अस्पताल के साथ हेल्थ अवेयरनेस सेमिनार कराया गया, जिसमें हार्ट सर्जरी और तनाव प्रबंधन पर उपयोगी जानकारियां दी गईं। शीघ्र ही चैम्बर व मैक्स हॉस्पिटल के बीच एमओयू भी होगा।

बीज व कीटनाशक व्यापारियों से नैतिक व्यापार का आग्रह

बीज व कीटनाशक व्यापारियों के साथ बैठक में चैम्बर ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने की बात कही। व्यापारियों ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

सड़क सुरक्षा व एक्सप्रेसवे पर नियमों पर चिंता

सड़क सुरक्षा के विषय पर चैंबर ने अधिवक्ता केसी जैन और न्यूरो सर्जन डॊ. उद्धव बंसल के साथ बैठक कर दुर्घटनाओं के कारणों और बचाव पर चर्चा की। इस परिचर्चा में झपकी को हादसों का बड़ा कारण बताया गया। दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर तत्काल हेलमेट न उतारने की सलाह दी गई। हेलमेट अस्पताल पहुंचकर ही उतारा जाना चाहिए। रात्रि 12 बजे के बाद यात्रा से परहेज करने का आह्वान किया गया।

प्रमुख विभागीय अधिकारियों से संवाद

चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने आयकर, जीएसटी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारियों से भी उद्योग जगत की समस्याओं पर चर्चा की। इनमें लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड करने, ओडीओपी सुविधाओं, चांदी और ब्रश व्यवसाय, समाधान पोर्टल जैसे विषयों पर विचार विमर्श किया गया।

बुनियादी ढांचे के मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित

नेशनल चैंबर ने शहर के बुनियादी ढांचे की ओर भी शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया, जिनमें हरीपर्वत पुल चौड़ीकरण, शास्त्रीपुरम से जल निकासी नाला, देहली गेट आरओबी, उत्तरी बाईपास पर सुविधाएं और रोशनी की मांग आदि शामिल हैं।

प्रेसवार्ता में अध्यक्ष संजय गोयल के साथ  उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल आदि भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor