बदलती मनोरंजन की दुनिया : 2026 में हम क्या-क्या देखने वाले हैं
2026 में भारतीय मनोरंजन दुनिया तकनीक, देसी सुपरहीरोज़, दक्षिण भारतीय स्टारडम, ओटीटी गठजोड़ और मेगा फ्रेंचाइज़ों के धमाकेदार विस्तार के साथ नया रूप लेने जा रही है।
-बृज खंडेलवाल-
मुंबई की फिल्म सिटी में दिसंबर की हल्की-हल्की ठंडी हवा चल रही है, लेकिन दिल में एक अजीब सी सिहरन है। दूर-दूर तक बड़ी-बड़ी एलईडी दीवारों पर नीली-लाल रोशनी नाच रही है। नेटफ्लिक्स और वार्नर ब्रदर्स मिलकर एक बड़ा मेगावर्स बना रहे हैं। ये सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि हिन्दुस्तानी सिनेमा के नक्शे पर खींची गई मोटी-सी नई लकीर है।
2025 का शोर-शराबा अब रास्ता पा चुका है। एक पुराना ज़माना अलविदा कह रहा है, और नया दौर ज़ोर-शोर से दस्तक दे रहा है।
धर्मेंद्र साहब हमें छोड़कर चले गए। उनके साथ वो शालीन, गबरू मर्दानगी भी चली गई, जिसे देखकर लड़कियां शरमा जाती थीं और लड़के सीना तान लेते थे। मगर ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने मौका सूंघ लिया। अब “धर्मेंद्र यूनिवर्स” बन रहा है। उनकी पुरानी फिल्में नई चमक के साथ रीमास्टर हो रही हैं, नए किरदार उनकी अदा में ढाले जा रहे हैं। टिकटॉक-इंस्टाग्राम पर अचानक “ये ढाई किलो का हाथ…” और “बसंती, इन कुत्तों के सामने मत नाचना” फिर ट्रेंड करने लगे। तेज़ रफ़्तार वाला डिजिटल हिन्दुस्तान अचानक अपनी जड़ों में झांकने लगा है।
इधर रणवीर सिंह ने दिसंबर 2025 में “धुरंधर” के पहले हिस्से से बॉक्स ऑफिस को आग लगा दी। दूसरा पार्ट 2026 की शुरुआत में आएगा। उसमें बदला इतना ठंडा और गहरा होगा कि लोग थिएटर से बाहर निकलकर भी कांपते रहेंगे। ये सिर्फ एक्शन नहीं, एक नया नमूना है, देशभक्ति, दर्द और अंधेरे का ऐसा मसाला जो 2026 की ज्यादातर बड़ी फिल्मों का डीएनए बन सकता है।
दक्षिण भारत अब सिर्फ पैन-इंडिया नहीं, पैन-ग्लोबल ताकत बन चुका है। गोवा के आईएफएफआई 2025 में जब रजनीकांत साहब सम्मान लेने स्टेज पर आए तो पूरा हॉल खड़ा हो गया। अब वो खुद प्रोड्यूसर बन गए हैं। “जेलर 2” की एडवांस बुकिंग ने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। प्रभास, जूनियर एनटीआर, यश, अल्लू अर्जुन, इनके नाम अब सिर्फ हिन्दुस्तान में नहीं, बैंकॉक, टोक्यो, लॉस एंजिल्स के मल्टीप्लेक्स में भी चमकते हैं। 2026 शायद पहला साल होगा जब दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा कमाने वाले भारतीय कलाकारों में आधे से ज्यादा दक्षिण के होंगे।
प्रियंका चोपड़ा वापस लौट रही हैं। ग्लोबल आइकन अब देसी प्रोजेक्ट ढूंढ रही हैं। खबर है कि वो कोई बहुत बड़ा हिंदी मेगा-प्रोजेक्ट साइन करने वाली हैं, जिसमें हॉलीवुड की तकनीक और बॉलीवुड की जज्बात का अनोखा मेल होगा। उधर महेश बाबू अपने वालिद सुपरस्टार कृष्ण को समर्पित बायोपिक “कृष्णा : द लीजेंड” ला रहे हैं। ये फिल्म इतनी भावुक और भव्य होगी कि आंखें भीगेंगी और तालियां भी बजेंगी।
टीवी अब छोटा पर्दा नहीं रहा। बिग बॉस 19 ने गौरव खन्ना को रातोंरात नेशनल क्रश बना दिया। 2026 में उनकी दो बड़ी-बड़ी दो फिल्में और तीन ओटीटी सीरीज़ आने वाली हैं। टीवी वाले सीधे सिनेमाघर और ओटीटी पर छलांग लगा रहे हैं और ज्यादातर कामयाब भी हो रहे हैं। छोटे पर्दे का ठप्पा टूट चुका है।
कश्मीर की बर्फीली वादियों से एक नई देसी सुपरहीरो उठ रही है, हूमा कुरैशी की “ज़ेबा”। ये हिन्दुस्तान का पहला औरत-केंद्रित सुपरहीरो यूनिवर्स होगा। इसकी जड़ें लोक कथाओं, रहस्यवाद और स्त्री-शक्ति में हैं। मार्वेल डीसी को अब देसी जवाब मिलने वाला है।
लेकिन 2026 का असली भूचाल तो कुछ और है। नेटफ्लिक्स और वार्नर ब्रदर्स का गठजोड़! दिसंबर 2025 में हुई घोषणा के बाद अब बात लगभग पक्की हो चुकी है। हैरी पॉटर, डीसी, लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स, ये सारी बड़ी फ्रेंचाइज़ी अब हिन्दुस्तानी दर्शकों के हिसाब से ढाली जाएंगी। बड़े-बड़े भारतीय सितारों के साथ को-प्रोडक्शन होने वाले हैं। थिएटर रिलीज़ के सिर्फ 45 दिन बाद फिल्में ओटीटी पर आ जाएंगी। मल्टीप्लेक्स वाले रो रहे हैं, दर्शक झूम रहे हैं।
इसी बीच जियो और हॉटस्टार के मर्जर की खबरें भी जोरों पर हैं। 2026 में हर हाथ में नई स्क्रीन होगी और हर स्क्रीन पर नया कंटेंट।
2026 हिन्दुस्तानी कॉमेडी के लिए वही होने वाला है जो कपिल शर्मा की दादी की शादी , देर से आई, मगर धमाकेदार! सोशल मीडिया के नए देसी-मसालेदार जोकर्स अपनी चुटकुलों की कटार से टाइमलाइन छीलते रहेंगे। कपिल भाई खुद दो मोर्चों पर उतर रहे हैं , एक तरफ “दादी की शादी” का बाजा-बरात, दूसरी तरफ “किस किसको प्यार करूं 2” की अठखेलियां। ऊपर से नेटफ्लिक्स पर उनका नया सीज़न भी आ रहा है, जहाँ पुरानी फैमिली-फ्रेंडली कॉमेडी आज के मीम वाले दर्शकों को भी पेट पकड़कर हंसाने का दावा कर रही है।
ये धर्मेंद्र साहब के ज़माने को भावुक अलविदा है, रणवीर का नया गुस्सा है, रजनीकांत का नया अवतार है, प्रियंका की घरवापसी है, टीवी सितारों की बड़ी छलांग है, ज़ेबा जैसी देसी सुपरहीरो का उदय है, और नेटफ्लिक्स-वार्नर की जोरदार टक्कर है।
परंपरा और तकनीक, देसी और विदेसी, सिनेमाघर और मोबाइल स्क्रीन , सब एक साथ सांस ले रहे हैं। हिन्दुस्तानी मनोरंजन सिर्फ बदल नहीं रहा, वो खुद को फिर से जन्म दे रहा है। और ये नया जन्म बहुत शानदार होने वाला है।
2026 आ रहा है भाई… पॉपकॉर्न तैयार रखो!Top of Form
Bottom of Form