चेस की स्टार दिव्या देशमुख ने वर्ल्ड नंबर-1 चीन की खिलाड़ी को हराया, पीएम ने दी बधाई

       नई दिल्ली। भारत की युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख ने लंदन में हुए वर्ल्ड ब्लिट्ज टीम चेस चैंपियनशिप में चीन की दिग्गज खिलाड़ी हाउ यिफान को हराया। यिफान दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी हैं। उन्होंने सेमीफाइनल के पहले मुकाबले में दिव्या को हराया था। लेकिन 19 साल की दिव्या ने दूसरे मुकाबले में शानदार वापसी की। सफेद मोहरों से खेलते हुए दिव्या ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। उन्होंने ब्लिट्ज चेस में समय का सही इस्तेमाल किया। इस वजह से वह गेम जीतने में सफल रहीं। दिव्या की इस जीत की खूब चर्चा हो रही है।

Jun 19, 2025 - 21:12
 0
 चेस की स्टार दिव्या देशमुख ने वर्ल्ड नंबर-1 चीन की खिलाड़ी को हराया, पीएम ने दी बधाई


अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तारीफ की है। इस जीत के बाद पीएम मोदी ने दिव्या को बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'वर्ल्ड टीम ब्लिट्ज चैंपियनशिप, लंदन के ब्लिट्ज सेमीफाइनल के दूसरे लेग में वर्ल्ड नंबर 1 हाउ यिफान को हराने पर दिव्या देशमुख को बधाई। उनकी सफलता उनकी हिम्मत और दृढ़ संकल्प को दिखाती है। यह कई आने वाले शतरंज खिलाड़ियों को भी प्रेरित करती है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'

दिव्या देशमुख का जन्म 9 दिसंबर 2005 को नागपुर में हुआ था। उनके माता-पिता डॉक्टर हैं। उनके पिता का नाम जितेंद्र और माता का नाम नम्रता है। दिव्या ने पांच साल की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया था। दिव्या ने 2012 में सात साल की उम्र में अंडर-7 नेशनल चैंपियनशिप जीती। इसके बाद उन्होंने अंडर-10 (डरबन, 2014) और अंडर-12 (ब्राजील, 2017) कैटेगरी में वर्ल्ड यूथ टाइटल भी जीते।

दिव्या ने बहुत कम उम्र में ही वुमन फिडे मास्टर का खिताब हासिल कर लिया था। अक्टूबर 2021 तक उन्होंने वुमन ग्रैंडमास्टर का टाइटल भी अपने नाम कर लिया। वह विदर्भ की पहली और भारत की 22वीं खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया। 2023 में उन्होंने इंटरनेशनल मास्टर का टाइटल भी जीता। दिव्या को वर्ल्ड जूनियर नंबर 1 के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने 2024 में वर्ल्ड जूनियर गर्ल्स अंडर-20 चैंपियनशिप जीती थी। उन्होंने 11 में से 10 अंक हासिल किए थे। दिव्या ने 45वें चेस ओलंपियाड में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने वर्ल्ड टीम रैपिड एंड ब्लिट्ज चैंपियनशिप के ब्लिट्ज सेगमेंट में 2600 से ज्यादा की परफॉर्मेंस रेटिंग हासिल की थी।