सीआईआरसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंटः इंदौर ने सात विकेट से जीती चैंपियंस ट्रॉफी, निखिल मंडलोई बने मैन ऑफ टूर्नामेंट

आगरा। दूधिया रोशनी में कुबेरपुर स्थित कैप्टन अनेक सिंह क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए डे–नाइट टी-20 सीआईआरसी क्रिकेट टूर्नामेंट में चौकों-छक्कों की जमकर बरसात हुई। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की आगरा शाखा द्वारा आयोजित इस रोमांचक टूर्नामेंट ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच क्रिकेट का नया उत्साह भर दिया। फाइनल मुकाबले में इंदौर ने लखनऊ को सात विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की।

Dec 22, 2025 - 18:53
 0
सीआईआरसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंटः इंदौर ने सात विकेट से जीती चैंपियंस ट्रॉफी, निखिल मंडलोई बने मैन ऑफ टूर्नामेंट
सीआईआरसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता इंदौर की टीम ट्रॊफी के साथ।

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में लखनऊ ने गाजियाबाद को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में इंदौर ने जयपुर को पांच विकेट से पराजित कर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।

फाइनल मैच लखनऊ और इंदौर के बीच खेला गया। इंदौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। लखनऊ की ओर से सीए सचिन अग्रवाल ने 30 रन और सीए राहुल पाल ने 28 रन का योगदान दिया। इंदौर की तरफ से सीए अपूर्व तोमर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सीए भूमित ने 51 रन और सीए भानु मेहरा ने 44 रन की तेजतर्रार पारियां खेलीं। इंदौर ने महज 16 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। लखनऊ की ओर से सीए शशांक ने तीन और सीए सचिन ने एक विकेट लिया।

इंदौर की इस शानदार जीत के साथ ही टीम ने टी-20 सीआईआरसी क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। पुरस्कार वितरण समारोह में सीआईआरसी चेयरमैन सीए अंकुर कुमार गुप्ता और आगरा शाखा अध्यक्ष सीए गौरव सिंघल ने विजेता टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

मैच में अंपायर की भूमिका दीपक कौशिक और शुभम सिंह ने निभाई, जबकि कमेंट्री नरेंद्र शर्मा ने की और स्कोरर की जिम्मेदारी हनी ने संभाली। आयोजन के दौरान आगरा शाखा के सचिव सीए अंकित मित्तल, उपाध्यक्ष सौरभ नारायण सक्सेना, कोषाध्यक्ष करन पंजवानी, सिकासा अध्यक्ष आयुष गोयल सहित बड़ी संख्या में सीए सदस्य उपस्थित रहे।

फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का पुरस्कार भानु मेहरा को मिला। मैन ऑफ द टूर्नामेंट और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब निखिल मंडलोई ने अपने नाम किया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज सिद्धार्थ गंभीर, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक अमित तोशनीवाल, फाइटर ऑफ द टूर्नामेंट आकाश अग्रवाल बने, जबकि फेयर प्ले अवार्ड जयपुर की टीम को प्रदान किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor