जीएसटी पर क्लियरेंसः समोसे-कचौड़ी सर्विस श्रेणी में ही रहेंगे, मिक्स सप्लाई पर स्पष्ट दिशा
आगरा। कमला नगर स्थित शुभ मंगल बैंक्वेट हॉल में आगरा मिष्ठान विक्रेता संघ और जीएसटी विभाग की संयुक्त आमसभा का आयोजन हुआ। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जीएसटी एडिशनल कमिश्नर (जोन-आगरा) पंकज गांधी ने कहा कि अप्रैल माह में आगरा पूरे जोन में कर भुगतान के क्षेत्र में अग्रणी रहा है, जो व्यापारियों की जागरूकता और सहभागिता का प्रमाण है।
-जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर बोले- अप्रैल माह में आगरा जीएसटी भुगतान में जोन का अग्रणी रहा
समोसे-कचौड़ी पर रहेगी रेस्टोरेंट सर्विस की श्रेणी
एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी ने समोसा, कचौड़ी और अन्य मिक्स आइटम्स को लेकर भ्रम की स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट सर्विस के अंतर्गत आने वाले खाद्य पदार्थों पर 12% जीएसटी लागू रहेगा। उन्होंने सलाह दी कि मिक्स सप्लाई में चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक को शामिल करने से बचा जाए, क्योंकि इससे उच्च दरें लागू हो सकती हैं।
व्यापारी सरकार का सहयोगी- मिष्ठान संघ
संघ के अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा, व्यापारी कर प्रणाली में सरकार के सहभागी हैं। संवाद और पारदर्शिता के ज़रिए जीएसटी को सहज बनाया जा सकता है।
राजकुमार भगत ने कहा कि टैक्स नियमों की स्पष्टता से व्यापारी आत्मविश्वास से व्यापार कर सकता है।
तकनीकी ज्ञान बना सकता है बचाव का कवच
सीए अर्चित अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी प्रणाली में तकनीकी जानकारी अत्यंत आवश्यक है। समय पर अनुपालन और सही वर्गीकरण से दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सकता है और व्यापार सुचारू रूप से चलता है।
आगरा की मिठाइयां पारंपरिक, इनपुट क्रेडिट नहीं बनता
व्यापारियों ने साझा किया कि आगरा की पारंपरिक मिठाइयां सीमित मार्जिन पर बिकती हैं, जिससे इनपुट टैक्स क्रेडिट नहीं बनता और कर दायित्व बढ़ता है। इस पर अधिकारियों ने सुझाया कि व्यापारी मूल्य निर्धारण एवं वर्गीकरण को लेकर सजग हों और कर योजना सुव्यवस्थित करें।
प्रशासनिक एवं व्यापारी नेतृत्व रहा उपस्थित
कार्यक्रम में जीएसटी विभाग से एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 2 रूबी सिंह, प्रमोद दुबे, बीडी शुक्ला, चंद्रकांत रल्लन, गुलाब चंद्र, पीएन यादव समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं संघ से जय अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, प्रदीप भगत, राजेश अग्रवाल, विशाल गोयल, तुषार गुप्ता आदि व्यापारी उपस्थित रहे। संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।