दिव्यांग सशक्तिकरण के लिए मुकेश शुक्ला को विश्व दिव्यांगता दिवस पर सीएम योगी ने दिया राज्य सम्मान
विश्व दिव्यांगता दिवस पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजन कल्याण व सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए स्पेशल ओलंपिक भारत–उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला को “दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति” राज्य सम्मान से सम्मानित किया।
लखनऊ/आगरा। विश्व दिव्यांगता दिवस (3 दिसंबर 2025) पर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजन के कल्याण, समावेशन और सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रहे, जिन्होंने मुकेश शुक्ला (अध्यक्ष, स्पेशल ओलंपिक भारत–उत्तर प्रदेश) को राज्य सम्मान प्रदान किया।
मुकेश शुक्ला को यह पुरस्कार स्पेशल ओलंपिक भारत, उत्तर प्रदेश के माध्यम से दिव्यांगजन के खेल, कला, स्वास्थ्य, रोजगार एवं समग्र विकास में उनके बहुउपयोगी व उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। उनके नेतृत्व में प्रदेश के हजारों नहीं बल्कि लाखों दिव्यांग खिलाड़ी और प्रतिभाएं राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान, नए अवसर और नई दिशा प्राप्त कर चुके हैं।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मुकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया और इसे अपने माता-पिता, स्पेशल ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका नड्डा तथा सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को समर्पित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, समर्पण और प्रेरणा प्रदान करेगा।