मैसूर से मंगाए नारियल रास्ते में ही बेच डाले, आगरा में आढ़तिए से ठगी करने वाला गिरोह धरा

आगरा। आगरा फल मंडी में नारियल व्यापारियों को चूना लगाने वाले शातिरों का पर्दाफाश हो गया। थाना सिकंदरा पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया है, जबकि चौथे की तलाश जारी है। आरोपियों ने मैसूर (कर्नाटक) से मंगाए गए नारियल को ट्रक समेत बीच रास्ते में बेचकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये हड़प लिए थे।

Sep 13, 2025 - 21:34
 0
मैसूर से मंगाए नारियल रास्ते में ही बेच डाले, आगरा में आढ़तिए से ठगी करने वाला गिरोह धरा
व्यापारी के नारियलों को रास्ते में बेचकर फ्रॊड करने वाले गिरोह के सदस्य पुलिस की गिरफ्त में।

आढ़तिए से चार लाख में हुआ था सौदा

सिकंदरा थाना प्रभारी के अनुसार फल मंडी के आढ़तिए ने तीन सितंबर को मोहल्ला रुनकता निवासी मुस्तकीम उर्फ ठाकुर के जरिए नारियल मंगाने का सौदा तय किया था। इसके एवज में आठ सितंबर को चार लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया गया था। लेकिन तय तारीख पर नारियल आगरा नहीं पहुंचे, जिससे व्यापारी ने पुलिस में तहरीर दी।

रास्ते में बेच डाले ठेले वालों को नारियल

जांच में पता चला कि मुस्तकीम और उसके साथियों ने ट्रक में लदा पूरा माल रास्ते में ही ठेल-ढकेल वालों को बेच दिया। आरोपियों ने इससे करीब साढ़े तीन लाख रुपये जुटा लिए। इसमें से 1.20 लाख रुपये ट्रक के ईंधन व अन्य खर्चों में उड़ गए और बाकी रकम आपस में बांट ली।

गिरफ्तारियां और बरामदगी

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तकीम उर्फ ठाकुर, विवेक उर्फ टिंकू और नितिन सिकरवार को सींगना गांव के पास दबोच लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त ट्रक और एक लाख 17 हजार रुपये बरामद हुए। गिरोह का चौथा सदस्य विकास उर्फ थापा अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। सिकंदरा पुलिस का कहना है कि शेष आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और पीड़ित आढ़तिए को न्याय दिलाया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor