साइबर ठगों का नया खेल, लंदन की महिला बनकर लगाया 5.79 लाख का चूना

आगरा। ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक महिला को विदेशी निवेश का सपना दिखाकर ठगों ने 5 लाख 79 हजार रुपए का चूना लगा दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना आगरा में दर्ज कराई है।

Nov 11, 2025 - 16:11
 0
साइबर ठगों का नया खेल, लंदन की महिला बनकर लगाया 5.79 लाख का चूना
इमेज फोटो

क्रिप्टो करेंसी में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगे रुपए

आगरा। ऑनलाइन ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक महिला को विदेशी निवेश का सपना दिखाकर ठगों ने 5 लाख 79 हजार रुपए का चूना लगा दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना आगरा में दर्ज कराई है।

घटना के अनुसार 14 सितंबर 2025 को पीड़िता के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाली ने खुद को सृति देसाई बताया और कहा कि वह लंदन में रहती है। उसने दावा किया कि वह क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिला सकती है।

पहले निवेश के तौर पर उसने महिला से 9 हजार रुपए मांगे। कुछ ही दिनों में ठगों ने 17,600 रुपए का फर्जी मुनाफा दिखाकर खाते में ट्रांसफर किया, ताकि भरोसा बन सके। इस तरह से आरोपी ने धीरे-धीरे महिला से 23 सितंबर तक अलग-अलग यूपीआइ ट्रांजेक्शनों के जरिए करीब 5.80 लाख रुपए ले लिए।

शुरुआत में थोड़े पैसे लौटाकर ठगों ने भरोसा जीत लिया, फिर बड़ी रकम निवेश के नाम पर हड़प ली। जब पैसे वापस नहीं आए, तो पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री खंगाली जा रही है।