मऊ के अखाड़े में आगरा मंडल की बेटियों का दमखम, एक रजत व तीन कांस्य पदक किए नाम

आगरा। खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में मऊ जनपद के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में आगरा मंडल की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुश्ती के दांव-पेंच से सबका ध्यान खींचा। प्रतियोगिता में आगरा मंडल की बालिकाओं ने एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर मंडल का गौरव बढ़ाया। पदक विजेताओं में आगरा और मथुरा की दो-दो खिलाड़ी शामिल रहीं।

Dec 28, 2025 - 20:19
 0
मऊ के अखाड़े में आगरा मंडल की बेटियों का दमखम, एक रजत व तीन कांस्य पदक किए नाम
यूपी के मऊ में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में चार मेडल जीतने वालीं आगरा मंडल की बेटियां। साथ हैं चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेस पारस।

टीम मैनेजर विनोद यादव (कुश्ती प्रशिक्षक, मथुरा) एवं नरेश पारस (चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट) अभिभावक की भूमिका में बालिकाओं को मऊ लेकर गए और प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया।

चोट के बावजूद श्वेता का जज्बा, गोल्ड से चूकीं पर जीता सिल्वर

आगरा की श्वेता पारस ने 53 किग्रा भार वर्ग में लगातार तीन कुश्तियां जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल से पूर्व श्वेता के दाएं हाथ की कोहनी में चोट लग गई। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद भी श्वेता ने हिम्मत नहीं हारी और कुश्ती लड़ते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

तीन कांस्य पदक भी आगरा मंडल के खाते में

जैस्मिन (आगरा) – 57 किग्रा भार वर्ग : कांस्य पदक।

वर्षा (मथुरा) – 49 किग्रा भार वर्ग : कांस्य पदक।

सुहाना (मथुरा) – 61 किग्रा भार वर्ग : कांस्य पदक।

बालिकाओं की इस उपलब्धि पर कुश्ती संघ अध्यक्ष नितेश शर्मा, सचिव नेत्रपाल सिंह चाहर, मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा एवं कुश्ती प्रशिक्षक पुष्पेन्द्र सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए महिला पहलवानों को बधाई दी। प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

SP_Singh AURGURU Editor