कर्तव्य पथ पर दयालबाग की बेटी: कैडेट गौरी अग्रवाल ने साकार किया राष्ट्रीय सपना, तिरंगे को देंगी सलामी

आगरा के दयालबाग शिक्षण संस्थान (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) की कैडेट एसयूओ गौरी अग्रवाल ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) में चयनित होकर संस्थान, आगरा और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कठिन चयन प्रक्रिया, अनुशासन और उत्कृष्ट ड्रिल प्रदर्शन के बल पर कैडेट गौरी 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर एनसीसी टुकड़ी के साथ मार्च करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। यह उपलब्धि हर कैडेट के सपनों की शिखर-प्राप्ति मानी जाती है।

Jan 12, 2026 - 18:31
 0
कर्तव्य पथ पर दयालबाग की बेटी: कैडेट गौरी अग्रवाल ने साकार किया राष्ट्रीय सपना, तिरंगे को देंगी सलामी

आगरा। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) प्रत्येक कैडेट के लिए सर्वोच्च लक्ष्य होता है। इस प्रतिष्ठित शिविर का उद्देश्य कैडेट्स का सर्वांगीण विकास, जिम्मेदार नागरिक निर्माण और राष्ट्र सेवा हेतु सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरणा देना है।

इसी क्रम में दयालबाग शिक्षण संस्थान की कैडेट एसयूओ गौरी अग्रवाल का चयन प्री-आरडीसी कैंप के माध्यम से गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। कैडेट गौरी बी.एससी. (भौतिकी, गणित) तृतीय वर्ष, विज्ञान संकाय की छात्रा हैं। उनका चयन ड्रिल के आधार पर हुआ है। वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर एनसीसी की टुकड़ी के साथ मार्च करते हुए तिरंगे को सलामी देंगी।

इस वर्ष संस्थान के कुल 5 कैडेट्स का चयन आईजीसी–2025 के लिए हुआ था, जिनमें से कैडेट गौरी ने मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

कैडेट गौरी की इस सफलता पर दयालबाग शिक्षण संस्थान के निदेशक, कार्यवाहक कुलसचिव, कोषाध्यक्ष, टेक्निकल कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य, विज्ञान संकाय के डीन, भौतिकी विभागाध्यक्ष, आगरा समूह के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एन. एस. चराग, एस.एम., 1 यूपी वाहिनी के कमान अधिकारी कर्नल अंकुर सुहाग, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल दीपक जुयाल तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन मनीष कुमार ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

SP_Singh AURGURU Editor