मंदिर में मौत: ऊपर वाले की मर्जी! कब तक चुकाएंगे हम आस्था की ये क़िस्त?

भारत में मंदिरों और तीर्थस्थलों पर बार-बार होने वाली भगदड़ और हादसे हमारी लापरवाह धार्मिक व्यवस्था का आईना हैं, जहां श्रद्धा सुरक्षा से बड़ी मान ली गई है। ईमान की कीमत अब इंसानी जानों से चुकाई जा रही है। समय आ गया है कि आस्था को अनुशासन और वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ जोड़ा जाए।

Nov 6, 2025 - 13:23
 0
मंदिर में मौत: ऊपर वाले की मर्जी! कब तक चुकाएंगे हम आस्था की ये क़िस्त?
आमंत्रण हादसे के लिए। आगरा में यमुना आरती स्थल के पास का नाला।

-बृज खंडेलवाल-

तीर्थयात्रियों से भरी बस, पलट गई, एक दर्जन मर गए, छह महिलाएं कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए जाते हुए ट्रेन से कट गईं, आंध्र के एक मंदिर में पचासों कुचल गए! कब तक ये सिलसिला चलता रहेगा?

भारत में आस्था के नाम पर भीड़ प्रबंधन की विफलता से बार-बार घटित होने वाली त्रासदियों का एक चक्र है। मंदिर, मेले और तीर्थस्थल लापरवाही के गवाह बनते हैं, जहां सुरक्षा को अविश्वास समझा जाता है। हर हादसे के बाद अधिकारिक संवेदना जताई जाती है, मगर ज़िम्मेदारी तय नहीं होती। आस्था को अराजकता का लाइसेंस नहीं होना चाहिए। इन स्थलों को वैज्ञानिक योजना और सख्त अनुशासन से चलाना ज़रूरी है, ताकि भक्ति की डुबकी मौत में नहीं, बल्कि विश्वास में याद रहे।

भारत में, हर कुछ महीनों बाद, ईमान जानलेवा साबित होता है। यह एक बुरा, खौफनाक वीडियो टेप है जिसे बार-बार चलाया जा रहा है। कभी तीर्थयात्रियों से भरी नाव डूब जाती है, तो कभी मंदिर की पुलिया मानवीय लापरवाही का बोझ नहीं झेल पाती और धराशायी हो जाती है। कहीं पहाड़ दरकता है और श्रद्धालुओं को जीवित दफन कर देता है। हर बार नाटक का मंच बदल जाता है। हरिद्वार, नैना देवी, वैष्णो देवी, प्रयागराज, लेकिन मंज़र वही रहता है। बिखरी हुई चप्पलें, मुरझाए फूल और सोशल मीडिया पर ‘दुखद हादसे’ का एक सरकारी ट्वीट। कुछ ही घंटों में सफाई होती है, मलबा हटाया जाता है, और फिर ईमान अपनी बेपरवाह चाल पर लौट आता है।

भारत पूजा और मौत, दोनों में एक विचित्र विश्व रिकॉर्ड रखता है। शायद ही कोई देश इतना उत्साही, इतना नादान और इतना निडर हो कि हज़ारों लोग हर साल नाज़ुक जगहों पर अपनी आस्था की परीक्षा देने चले आते हैं। 1954 के प्रयागराज कुंभ में आठ सौ लोग एक ‘पवित्र भगदड़’ में कुचल गए थे। 2005 में महाराष्ट्र के मंधेर देवी मंदिर की पहाड़ी पर तेल से फिसलती ज़मीन ने तीन सौ से ज़्यादा तीर्थयात्रियों की जान ले ली। 2008 में नैना देवी में एक अफवाह ने सैकड़ों घर उजाड़ दिए। 2022 में वैष्णो देवी में नए साल की भीड़ ने बारह श्रद्धालुओं को कुचल दिया। और अब 2025 में, एक और कुंभ के नाम पर, नदी ने फिर अपनी बलि मांग ली- तीस-चालीस नई लाशें।

हमारी तैयारियां हमेशा विरोधाभास से भरी होती हैं। सुनहरे गलियारे बनाए जाते हैं, डिजिटल ऐप लॉन्च किए जाते हैं, करोड़ों रुपये यह तय करने में खर्च होते हैं कि लोग कब और कहाँ नहाएंगे। मगर बचाव के रास्ते, सुरक्षा द्वार, और इमरजेंसी निकास अक्सर केवल नक्शों पर ही रह जाते हैं। जैसे एहतियात बरतना ईमान की बेअदबी हो, और भगवान खुद हादसों के प्रबंधक बन बैठे हों। 1954 से लेकर आज तक हर जांच आयोग एक ही निष्कर्ष दोहराता आया है—भीड़ सीमित करो, रास्ते नियंत्रित करो, दहशत को संभालो। लेकिन 2025 में भी ड्रोन आसमान से मंज़र फिल्माते रहते हैं—मानो फरिश्ते सब कुछ देख तो रहे हों, मगर कुछ कर नहीं पा रहे।

हर हादसे की पटकथा लगभग एक जैसी होती है। कोई चीख उठता है—“पुल टूट गया!” या “बम!” और अचानक हज़ारों लोग एक तंग गलियारे में सांसघोंटू संघर्ष में फंस जाते हैं। कुछ ही पलों में शोर सन्नाटे में बदल जाता है। कोई घोषणा नहीं, कोई दिशा नहीं, कोई नेतृत्व नहीं। और फिर तस्वीरें सामने आती हैं—लाशें, दबे हुए सीने, और बिखरी चप्पलें। शाम तक मुख्यमंत्री जांच का आदेश दे देते हैं, और अगले दिन सब कुछ भुला दिया जाता है। नई पूजा, नया भाषण, और “अगली बार बेहतर व्यवस्था” का एक और खोखला वादा।

सवाल यह नहीं कि हादसे क्यों होते हैं, बल्कि यह कि हम इन्हें क्यों स्वीकार कर चुके हैं। जवाब साफ़ है—क्योंकि धर्म हमारे लिए अब एक आध्यात्मिक यात्रा नहीं, बल्कि एक विशाल तमाशा बन गया है। भीड़ नियंत्रण को श्रद्धा की कमी समझा जाता है, और सुरक्षा उपायों को “पश्चिमी नकल” कहकर नकार दिया जाता है। तीर्थयात्रियों से कहा जाता है, “भगवान पर भरोसा रखो, बैरिकेड पर नहीं।” गुरु घंटाल सब्र की दुआ मांगता है, राजनेता भीड़ का आंकड़ा गिनता है, और इस बीच एक आम भक्त मौत का शिकार हो जाता है।

ईमान आत्मा को ऊंचा उठाने के लिए है, शरीर को मिट्टी में मिलाने के लिए नहीं। अगर भारत को अपनी गौरवशाली तीर्थ परंपरा को जीवित रखना है, तो यात्रियों की सुरक्षा को उसी स्तर पर रखना होगा जैसे किसी संवेदनशील संयंत्र की सुरक्षा की जाती है—अंधविश्वास से नहीं, प्रशिक्षण और वैज्ञानिक योजना से। सिर्फ शोक संदेशों और जांच आयोगों से यह ऋण नहीं उतरेगा।

अगली पवित्र डुबकी आस्था के लिए याद रखी जानी चाहिए, मौत के आंकड़े के लिए नहीं। क्योंकि शायद अब ईश्वर भी हमारी इस खून से सनी निष्ठा से थक चुके हैं।

SP_Singh AURGURU Editor