आईसीसी रैंकिंग में दीप्ति शर्मा बनीं दुनिया की नंबर-1 T20 गेंदबाज, स्मृति मंधाना को लगा झटका
आईसीसी महिला रैंकिंग में भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पहली बार T20 गेंदबाजी में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी बन गई हैं। वहीं वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना को टॉप पोजिशन गंवानी पड़ी है।
नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक और गर्व का पल सामने आया है। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पहली बार आईसीसी महिला T20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बन गई हैं। ताजा रैंकिंग में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। वहीं, बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को नुकसान हुआ है और उन्हें शीर्ष स्थान गंवाना पड़ा है।
दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए पहले T20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया। भारत ने यह मैच आठ विकेट से जीता था। इस किफायती प्रदर्शन का फायदा दीप्ति को रैंकिंग में मिला और उन्हें पांच रेटिंग अंक मिले। इसी के साथ वह एनाबेल सदरलैंड से सिर्फ एक अंक आगे निकलकर दुनिया की नंबर-1 T20I गेंदबाज बन गईं। यह दीप्ति के करियर की अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।
दीप्ति के अलावा भारत की अरुंधति रेड्डी को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। श्रीलंका के खिलाफ प्रदर्शन के बाद उन्होंने पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 36वां स्थान हासिल किया है। इससे साफ है कि भारतीय महिला टीम की गेंदबाजी यूनिट लगातार मजबूत हो रही है।
वहीं, वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना को नंबर-1 का ताज गंवाना पड़ा है। साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने आयरलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए फिर से टॉप स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने सीरीज के आखिरी दो मैचों में शतक जड़े और साउथ अफ्रीका ने 3-0 से सीरीज जीती।
T20 बल्लेबाजी रैंकिंग में जेमिमा रोड्रिग्स भारतीय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा फायदे में रहीं. श्रीलंका के खिलाफ नाबाद अर्धशतक और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने के बाद वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं. टॉप-10 में भारत की तीन बल्लेबाज मौजूद हैं- स्मृति मंधाना तीसरे, जेमिमा नौवें और शेफाली वर्मा दसवें स्थान पर हैं।
साउथ अफ्रीका की सुने लूस ने भी ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर वनडे बल्लेबाजी में सात और ऑलराउंडर रैंकिंग में 11 स्थान की छलांग लगाई. वहीं, आयरलैंड की अर्लीन केली, गैबी लुईस और एमी हंटर ने भी रैंकिंग में सुधार किया है।