दिल्ली ब्लास्ट कनेक्शन- यूपी से जुड़े 6 डॉक्टर गिरफ्तार, आतंक की साजिश में ‘हाई-प्रोफाइल’ नेटवर्क बेनकाब
लखनऊ। दिल्ली ब्लास्ट केस में उत्तर प्रदेश से जुड़े किरदारों की गिरफ्तारी लगातार बढ़ रही है। सुरक्षा एजेंसियों को अब तक की जांच में चौंकाने वाले खुलासे मिले हैं। मेडिकल जगत से जुड़े कई प्रोफेशनल्स के आतंक नेटवर्क से संबंध सामने आए हैं।
सहारनपुर से फरीदाबाद तक फैला नेटवर्क, कई मेडिकल प्रोफेशनल्स पर आतंकी संगठनों से जुड़ाव के आरोप
दिल्ली ब्लास्ट केस में यूपी लिंक सबसे बड़ा, अब तक छह डॉक्टर गिरफ्तार, लखनऊ, कानपुर और हापुड़ में छापेमारी
एजेंसियों की सख्त पूछताछ में मिले ‘रेकी’, विस्फोटक और डिजिटल सबूत, डॉक्टरों के नाम से चल रहा था आतंक का ‘ऑपरेशन क्लिनिक’
लखनऊ। दिल्ली ब्लास्ट केस में उत्तर प्रदेश से जुड़े किरदारों की गिरफ्तारी लगातार बढ़ रही है। सुरक्षा एजेंसियों को अब तक की जांच में चौंकाने वाले खुलासे मिले हैं। मेडिकल जगत से जुड़े कई प्रोफेशनल्स के आतंक नेटवर्क से संबंध सामने आए हैं।
सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद की गिरफ्तारी
कश्मीर पुलिस ने यूपी पुलिस की मदद से डॉ. आदिल अहमद को सहारनपुर से गिरफ्तार किया। डॉ. आदिल पर कश्मीर में विवादित और भड़काऊ पोस्टर लगाने का आरोप है। वह सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भारी वेतन पर कार्यरत था। जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल से कई संवेदनशील चैट और दस्तावेज़ मिले हैं।
गुजरात में दो यूपी के आतंकी पकड़े गए
गुजरात एटीएस ने बनासकांठा में तीन संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा, जिनमें से दो यूपी के हैं, आजाद सुलेमान शेख और मोहम्मद सुहैल। दोनों डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद के नेटवर्क में काम करते थे। जांच में पता चला कि इन्होंने लखनऊ स्थित आरएसएस दफ्तर की रेकी की थी। एजेंसियां अब इनके डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही हैं।
लखनऊ की डॉ. शाहीन जैश नेटवर्क से जुड़ी
तीसरी बड़ी गिरफ्तारी डॉ. शाहीन की हुई, जो जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़ी बताई जा रही है। इसकी कार से विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली शाहीन कुछ समय से फरीदाबाद में रह रही थी।
डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज़ पर भी शिकंजा
पूछताछ में शाहीन के भाई डॉ. परवेज़ का नाम सामने आया, जो लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर था। डॉ. परवेज़ ने 7 नवंबर को अचानक इस्तीफ़ा दे दिया था। छापेमारी में उसके घर से लैपटॉप, कई मोबाइल और डिजिटल दस्तावेज़ जब्त किए गए हैं।
कानपुर से डॉ. मोहम्मद आरिफ मीर गिरफ्तार
एजेंसियों ने कानपुर से डॉ. मोहम्मद आरिफ मीर को पकड़ा। वह एमडी कार्डियोलॉजी के प्रथम वर्ष का छात्र था।
सूत्रों के मुताबिक आरिफ का संपर्क ब्लास्ट साजिशकर्ता उमर और डॉ. शाहीन से रहा है।
हापुड़ से डॉ. फारूक की गिरफ्तारी
ताज़ा कार्रवाई में हापुड़ से डॉ. फारूक को गिरफ्तार किया गया है। वह जीएस मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर था। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि फारूक की ब्लास्ट की लॉजिस्टिक प्लानिंग में भूमिका रही है। एजेंसियों ने उसके बैंक ट्रांजेक्शन और ईमेल सर्वर को सीज़ कर दिया है।
मेडिकल प्रोफेशन में छिपा मॉडर्न नेटवर्क
इन सभी गिरफ्तारियों से एक नया ट्रेंड सामने आया है। आतंकी संगठनों ने अब शिक्षित तबके और मेडिकल प्रोफेशनलों में पैठ बना ली है। एनआईए, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और यूपी एटीएस मिलकर इस पूरे नेटवर्क की तहकीकात कर रहे हैं।