दिल्ली ब्लास्ट केस में एनआईए ने सुसाइड बॉम्बर डॊ. उमर के साथी शोएब को दबोचा, आरोपी अल फलाह का बार्ड बॊय है और उमर की हर तरह से मदद की थी
दिल्ली ब्लास्ट केस की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए को बड़ी सफलता मिली है। सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर नबी की मदद करने वाले उसके सहयोगी शोएब को एनआईए ने फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। शोएब ने आतंकी को ठिकाना दिलाने से लेकर सामग्री लाने-ले जाने तक हर स्तर पर मदद की थी। उसकी गिरफ्तारी के साथ अब तक इस मामले में सात आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।
दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने दिल्ली ब्लास्ट केस में एक और अहम गिरफ्तारी की है। एजेंसी ने सुसाइड बॉम्बर डॉ. उमर नबी के सहयोगी शोएब को गिरफ्तार कर लिया है। शोएब हरियाणा के फरीदाबाद के धौज गांव का रहने वाला है और अल-फलाह यूनिवर्सिटी में बोर्ड बॉय के रूप में कार्यरत था।
जांच में सामने आया है कि शोएब ने डॉ. उमर को विस्फोटक और अन्य सामान लाने-ले जाने में सक्रिय रूप से मदद की थी। इतना ही नहीं, शोएब ने ही उमर को अपनी साली अफसाना का घर नूंह में किराए पर दिलवाया था, जहां उमर 10 नवंबर को दिल्ली ब्लास्ट करने से दस दिन पहले तक छिपा हुआ था।
बताया गया कि जिस दिन दिल्ली में धमाका हुआ, उस दिन भी डॉ. उमर नूंह से ही दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। एजेंसी को शक है कि शोएब न केवल आतंकी गतिविधियों में उसकी मदद कर रहा था, बल्कि नेटवर्क के अन्य लोगों से भी उसका संपर्क था।
एनआईए की इस कार्रवाई के साथ दिल्ली ब्लास्ट केस में अब तक कुल सात गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। एजेंसी पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है।