दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया,  समीर रिजवी रहे हीरो,  लगातार तीसरी बार प्लेयर आफ द मैच बने

मुंबई इंडियंस के खिलाफ 90 रनों की तूफानी पारी के लिए समीर रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। आईपीएल में वह लगातार तीन प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले 8वें खिलाड़ी बन गए हैं।

Apr 4, 2026 - 22:13
 0
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया,  समीर रिजवी रहे हीरो,  लगातार तीसरी बार प्लेयर आफ द मैच बने


नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। दिल्ली के लिए बल्ले से समीर रिजवी जीत के हीरो रहे। रिजवी अपने आईपीएल करियर का पहला शतक चूक गए। उन्होंने 51 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 90 रन की पारी खेली।

समीर रिजवी को अपनी 90 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए उन्होंने 39 गेंद पर 78 रनों की साझेदारी बनाई। इसमें मिलर का योगदान 11 गेंदों पर 11 रनों का था। रिजवी ने इस दौरान 28 गेंद पर 65 रन ठोके। इस आईपीएल सीजन अभी रिजवी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और उनके पास ऑरेंज कैप भी है।


आईपीएल में समीर रिजवी का यह लगातार तीसरा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड है। सीरीज के पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अर्धशतक लगाकर वह प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स का आखिरी मैच पंजाब किंग्स से था। उस मैच में 25 गेंद पर 58 रन बनाने के लिए रिजवी प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।


समीर रिजवी आईपीएल में लगातार तीन प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले 8वें खिलाड़ी बन गए हैं। उनके पहले जैक कैलिस, वीरेंद्र सहवाग, ग्लेन मैक्सवेल, आरोन फिंच, विराट कोहली, जोस बटलर और रुतुराज गायकवाड़ भी लगातार तीन मैचों में तीन प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं।

आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने रिजवी को सिर्फ 95 लाख रुपये में खरीदा था। पिछले सीजन उन्हें सिर्फ 5 मैचों में मौका मिला था। इस बार आशुतोष शर्मा को बाहर रखकर दिल्ली कैपिटल्स उन्हें प्लेइंग इलेवन में खिला रही है।