दिल्ली की सीएम का हमलावर राजकोट हिस्ट्रीशीटर निकला, आप नेता के साथ फोटो भी सामने आया
दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उनके सरकारी आवास पर जन सुनवाई के दौरान हुए हमले को मुख्यमंत्री कार्यालय ने हत्या की सुनियोजित साजिश बताया है। दिल्ली पुलिस ने हमले के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। इधर भाजपा इस मामले को आदमी पार्टी से जोड़कर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमलावर है। इस बीच यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी राजकोट का हिस्ट्रीशीटर है।
-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बोलीं- ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी नहीं तोड़ सकते
-आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज, 24 घंटे रेकी करने के बाद दिया था हमले को अंजाम
दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंठिया ने बताया कि सिविल लाइंस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 41 वर्षीय सकरिया राजेशभाई खिमजीभाई के रूप में हुई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। हमला बुधवार सुबह लगभग 8:15 बजे जनसुनवाई के दौरान हुआ था। हमलावर ने 80 सेकेंड तक सीएम रेखा गुप्ता के बाल पकड़ लिए और फिर गला पकड़ लिया। उसने सीएम को थप्पड़ भी मारा। इस हमले में रेखा गुप्ता को चोटें भी आई हैं। हमले के दौरान सीएम जमीन पर गिर गई थीं।
सीएम ऒफिस ने जारी की सीसीटीवी फुटेज
सीएम रेखा गुप्ता के कार्यालय (सीएमओ) के बयान में कहा गया कि आरोपी ने हमला करने से पहले कम से कम 24 घंटे तक तैयारी की। शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री आवास के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को परिसर की रेकी करते, आवास का दृश्य रिकॉर्ड करते और अंततः हमला करने का प्रयास करते हुए देखा गया। फुटेज में वह पहले दिन दौरे के दौरान फोन पर किसी से बात करते भी दिखा।
भाजपा ने जारी किया आरोपी और आप नेता का फोटो
भाजपा ने आरोपी की एक इमेज जारी की है जिसमें सकरिया राजेशभाई खिमजीभाई गुजरात के आम आदमी पार्टी नेता गोपाल इटालिया के साथ दिखाई दे रहा है। इसके आधार पर भाजपा ने हमले को आम आदमी पार्टी की साजिश से जोड़ा है। उधर आप ने इस फोटो को एआई जनरेटेड बताते हुए आरोपी का पार्टी से किसी भी प्रकार के रिश्ता होने से इंकार किया है।
अब मैं पहले से अधिक ऊर्जा से काम करूंगी-रेखा गुप्ता
हमले का बाद सीएम रेखा गुप्ता ने अपने बयान में कहा कि आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मुझ पर हमला केवल मेरे ऊपर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर किया गया कायराना प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद मैं पहले सदमे में थी, पर अब बेहतर महसूस कर रही हूं। ऐसे हमले मेरे हौसले और जनता की सेवा के संकल्प को कभी नहीं तोड़ सकते। अब मैं पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता के बीच रहूंगी। जनसुनवाई और समस्याओं का समाधान पहले की तरह गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। आपके विश्वास और समर्थन के लिए मैं हृदय से आभारी हूं।
पुलिस कर रही गहराई से जांच
इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की विशेष टीम कर रही है और आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ साजिश में शामिल अन्य संभावित लोगों की पहचान पर भी काम किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रारंभ में आरोपी की मां ने अपने बेटे को शिवभक्त बताते हुए कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को शैल्टर होम में डालने के आदेश से आवेशित था क्योंकि वह कुत्तो से बहुत प्यार करता है। बाद में पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी राजकोट का पुराना हिस्ट्रीशीटर है।