पल्यूशन और धुंध की चादर में सिमटे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, नए साल पर बारिश संभव

एक ओर जहां लगभग पूरे भारत में ठंढ का प्रकोप बढ़ा है तो दूसरी ओर राजधानी में प्रदूषण, कोहरा और ठंढ का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि ग्रैप-4 कभी भी लागू हो सकता है।

Dec 29, 2025 - 20:33
 0
पल्यूशन और धुंध की चादर में सिमटे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, नए साल पर बारिश संभव

नई दिल्ली।  आज 29 दिसंबर 2025 को दिल्ली-एनसीआर सहित कई उत्तर भारतीय शहरों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है, जिससे लोगों की सांस लेना मुश्किल हो गया है। राजधानी क्षेत्र में भारी स्मॉग, कोहरा और जहरीली हवा ने दिन-रात जीवन को प्रभावित किया है और कई इलाकों में ‘सीवियर’ एक्यूआई स्तर दर्ज किया जा रहा है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। इस बिगड़ती स्थिति के बीच ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत कठोर उपाय लागू होने की चर्चाएं और संभावित GRAP-4 प्रतिबंधों पर प्रशासन और पर्यावरण एजेंसियां सतर्क हैं, जिसमें निर्माण कार्यों पर रोक, वाहनों पर पाबंदियां और संवेदनशील वर्गों के लिए घर के अंदर रहने की सलाह शामिल है। बता दें कि उत्तर प्रदेश राज्य में भीषण ठंड की लहर के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जनवरी तक क्लास 12 तक के सभी स्कूल बंद करने का आदेश दिया है।

वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उपायों के तहत महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) ने नियमों का उल्लंघन करने वाले मुंबई के चार 'रेडी-मिक्स कंक्रीट' (आरएमसी) संयंत्रों को बंद कर दिया और कुल 37 इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.87 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। एमपीसीबी के सदस्य सचिव एम देवेंद्र सिंह ने रविवार को एक बयान में बताया कि आरएमसी संयंत्र के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा के लिए बोर्ड के अध्यक्ष सिद्धेश कदम की अध्यक्षता में बैठक हुई।

दिल्ली में अगले तीन दिनों तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है। इसके बाद अगले 6 दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी के बीच बनी रह सकती है। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, सुबह और दोपहर में 15 किमी प्रति घंटे से कम गति वाली उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की उम्मीद है, जो दिन ढलने के साथ धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएंगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 जनवरी को एनसीआर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 2 और 3 जनवरी को भी सुबह के समय मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है, जहां न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री तक गिर सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, मास्क का प्रयोग करें और बच्चों, बुजुर्गों व सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

दिल्ली की स्थिति भी बेहद गंभीर बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 455, विवेक विहार में 456, रोहिणी में 442, सोनिया विहार में 444, वजीरपुर में 443, अशोक विहार में 427, पंजाबी बाग में 426 और चांदनी चौक में 421 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, बवाना में 411, डीटीयू में 410, सीआरआरआई मथुरा रोड में 388 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 397 एक्यूआई दर्ज हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्तर न केवल बीमार लोगों बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों के लिए भी बेहद खतरनाक है।

दिल्ली-एनसीआर इस समय प्रदूषण और मौसम की मार से बुरी तरह जूझ रहा है। भारतीय मौसम विभाग और वायु गुणवत्ता निगरानी सिस्टम के ताजा आंकड़ों के अनुसार पूरे एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। कई इलाकों में एक्यूआई 500 के बेहद करीब दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है। ग्रेटर नोएडा की बात करें तो नॉलेज पार्क-3 में एक्यूआई 375 और नॉलेज पार्क-5 में एक्यूआई 436 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, नोएडा के सेक्टर-1 में एक्यूआई 444, सेक्टर-116 में 434, सेक्टर-125 में 406 और सेक्टर-62 में 382 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में भी हालात चिंताजनक हैं। इंदिरापुरम में एक्यूआई 374, लोनी में 447, संजय नगर में 370 और वसुंधरा में 401 दर्ज किया गया।