सुबह घना कोहरा, दोपहर में सर्द हवाएं और रात में बारिश

आगरा। आगरा में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया है। शनिवार की सुबह घने कोहरे के आगोश में थी। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में ही कैद रहने को मजबूर कर दिया। शाम का अंधेरा छाते ही बारिश से ठंड और बढ़ गई।

Jan 11, 2025 - 21:03
 0
सुबह घना कोहरा, दोपहर में सर्द हवाएं और रात में बारिश
शनिवार की रात आगरा में हो रही बारिश के बाद एमजी रोड का एक दृश्य।

-शनिवार को सुबह से शाम तक बदलता रहा आगरा में मौसम का मिजाज

शाम के समय मौसम में आए बदलाव का असर जनजीवन पर भी पड़ा। बारिश शुरू होते ही बाजारों में दुकानों के शटर गिरने लगे क्योंकि बारिश शुरू होने पर बाजारों से ग्राहक भी अपने घरों की ओर दौड़ लिए थे। शाम सात बजे बाद शुरू हुई बारिश कुछ समय के लिए रुक गई थी। रात पौने नौ बजे के बाद फिर से बारिश शुरू हो चुकी थी। बादलों की गड़गड़ाहट लोगों को डरा रही थी। बारिश की वजह से सड़कों पर दृश्यता भी प्रभावित हुई है। धुंध जैसी छाने से लोगों को सड़कों पर चलने में दिक्कत आ रही थी।

मौसम विभाग ने पहले ही शनिवार को बारिश का अनुमान जता दिया था। पिछले दो-तीन दिन से आगरा के तापमान में भी तेजी से गिरावट आ रही है। दो दिन से कोहरे का प्रकोप तो था लेकिन दोपहर में धूप निकलने के कारण लोगों को राहत की सांस मिल रही थी। धूप शनिवार को भी निकली, लेकिन सर्द हवाएं लोगों को खुले में निकलने से रोक रही थीं।

SP_Singh AURGURU Editor