आगरा में देवशयनी एकादशी पर आमों के फूल बंगले में विराजे खाटू नरेश, भजन संध्या में गूंजा प्रभु नाम

आगरा। आस्था, भक्ति और सौंदर्य का अद्वितीय संगम सोमवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में देखने को मिला, जहां देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर आम मनोरथ उत्सव अत्यंत श्रद्धा और भक्तिभाव से सम्पन्न हुआ।

Jul 6, 2025 - 19:20
 0
आगरा में देवशयनी एकादशी पर आमों के फूल बंगले में विराजे खाटू नरेश, भजन संध्या में गूंजा प्रभु नाम

-मनोरथ उत्सव में भक्तिभाव से सराबोर हुआ श्री खाटू श्याम मंदिर परिसर


भोर से ही मंदिर परिसर में 'श्री श्याम नाम' के मंत्र उच्चारण की मधुर ध्वनि गूंजने लगी। श्रद्धालु भक्तों ने दिनभर खाटू नरेश के दर्शन कर पुण्य प्राप्त किया और भक्ति के भाव में डूबे नजर आए।

मंदिर को आमों के गुच्छों, पीले और हरे आमों से सजाए गए अद्भुत 'फूल बंगले' से अलौकिक रूप दिया गया, जिसके मध्य श्री श्याम सुंदर स्वरूप में विराजमान थे। यह दृश्य न केवल भक्तों के नेत्रों को आनंदित कर रहा था, बल्कि उनकी आत्मा को दिव्यता से भर रहा था।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि वर्षों से यह उत्सव परंपरागत श्रद्धा के साथ आयोजित होता आ रहा है, लेकिन इस वर्ष की सजावट और भक्तों की अपार सहभागिता ने इसे विशेष बना दिया।

प्रातः 6:00 बजे से रात्रि की चयन आरती तक बाबा के दर्शन खुले रहे। संध्या बेला में हुए भजन संध्या कार्यक्रम में प्रभु नाम संकीर्तन की स्वर लहरियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया।

सावन में होंगे 108 महारुद्राभिषेक

आगामी सावन मास में श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा मंदिर परिसर स्थित शिवालय में हर सोमवार को 108 महारुद्राभिषेक किए जाएंगे। महादेव की आराधना का यह अनुष्ठान आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बनेगा। इन अवसरों पर मंदिर में विशेष सजावट और भक्तिमय आयोजन होंगे।

SP_Singh AURGURU Editor