‘रिवॉर्ड पॉइंट’ के नाम पर डिजिटल डकैती: आगरा में साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार

आगरा। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले संगठित गैंग का आगरा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। साइबर सेल और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मास्टरमाइंड देव चौहान सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के करीब 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Apr 4, 2026 - 18:00
 0
‘रिवॉर्ड पॉइंट’ के नाम पर डिजिटल डकैती: आगरा में साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार
साइबर ठगी गैंग के बारे में बताते पुलिस अधिकारी। चित्र में पकड़े गये अपराधी भी हैं।

रिवॉर्ड प्वाइंट बना ठगी का हथियार

यह गैंग खुद को बैंक या क्रेडिट कार्ड कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को कॉल करता था और उन्हें रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने का लालच देता था। जैसे ही पीड़ित उनकी बातों में आता, आरोपी उससे ओटीपी हासिल कर लेते और उसके बैंक खाते से रकम उड़ा लेते थे।

देशभर के लोगों को बनाया शिकार

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गैंग ने देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को निशाना बनाया। बेंगलुरु की एक महिला से 1.30 लाख रुपये और दूसरी महिला से 9 हजार रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जांच में करीब 60 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है, जबकि करोड़ों रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं।

इस पूरे ऑपरेशन को साइबर सेल और सदर थाना पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

नकदी, मोबाइल और दस्तावेज बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी, कई मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जाता था।

मास्टरमाइंड देव चौहान की भूमिका अहम

पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का संचालन देव चौहान कर रहा था, जो गैंग का मास्टरमाइंड है। उसी के निर्देश पर कॉलिंग, डेटा मैनेजमेंट और ट्रांजेक्शन की पूरी प्रक्रिया संचालित होती थी।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

पुलिस की अपील- सावधान रहें, ओटीपी साझा न करें

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी या ओटीपी साझा न करें। रिवॉर्ड प्वाइंट के नाम पर आने वाले कॉल से सतर्क रहें, क्योंकि यही साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।

SP_Singh AURGURU Editor