डॉ. अरुणा गुप्ता की जयंती पर दिव्य सेवा ट्रस्ट का सम्मान समारोह, सेवा और संस्कृति से जुड़े नए सदस्य भी बने
आगरा। दिव्य सेवा ट्रस्ट की संस्थापिका डॉ. अरुणा गुप्ता की जयंती एवं ट्रस्ट के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को होटल ओपल कोर्टयार्ड, सिकंदरा में सम्मान एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और कला से जुड़े अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर कई लोगों ने ट्रस्ट के नए सदस्य के रूप में भी जुड़कर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मधु बघेल और विशिष्ट अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने डॉ. अरुणा गुप्ता के सामाजिक एवं सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सेवा, संवेदना और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। दिव्य सेवा ट्रस्ट द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
डॉ. मधु भारद्वाज ने साहित्य और काव्य के माध्यम से सामाजिक चेतना तथा मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। विदुषी श्रीमती प्रतिभा केशव तेलंगांवकर ने संगीत को भारतीय संस्कृति और समाज को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण शक्ति बताया।
डॉ. अरुणा गुप्ता के सेवा कार्यों को किया याद
डॉ. हरेंद्र चौहान ने डॉ. अरुणा गुप्ता के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके सेवा-समर्पण और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसी संस्था की पहचान उसके सेवा कार्यों और समाज के प्रति उसकी संवेदनशीलता से बनती है।
डॉ. अलका सेन ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की आख्या प्रस्तुत की। समारोह में नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां भी हुईं। डॉ. संजय सेन ने गिटार वादन तथा डॉ. शिवांकर सेन ने गायन की प्रस्तुति दी। नृत्य प्रस्तुतियों में डॉ. अलका सेन, मिस अर्चना सिंह और मिस देवांशी खरे ने सहभागिता की।
साहित्य और संगीत की प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में काव्य एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. मधु भारद्वाज तथा संगीत के क्षेत्र में श्रीमती प्रतिभा केशव तेलंगांवकर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. पंकज नगाइच, डॉ. हरि नारायण चतुर्वेदी, संतोष गौतम, राजेश चतुर्वेदी, दया शंकर वर्मा और राघव शर्मा सहित अनेक लोगों ने दिव्य सेवा ट्रस्ट की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का संचालन श्री संतोष कुमार कुलश्रेष्ठ ने किया। अंत में डॉ. राकेश शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सम्मानित प्रतिभाओं, कलाकारों और उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने दिव्य सेवा ट्रस्ट के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
समारोह में डॉ. अलका सेन, डॉ. डी.वी. शर्मा, संतोष कुमार कुलश्रेष्ठ, डॉ. राकेश शुक्ला, सौरभ कुलश्रेष्ठ, डॉ. शिवांकर सेन, आचार्य सुशील कुमार, सुश्री सोनिका अग्रवाल, सुरेश कुशवाह, डॉ. संजय सेन, के.पी. बंसल, चन्द्र शेखर शर्मा और जगमोहन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।