एसएन मेडिकल कॉलेज में डॊक्टरों ने की जटिल डिम्बग्रंथि कैंसर की सफल सर्जरी 

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के ऑन्कोसर्जरी विभाग ने एक महत्वपूर्ण चिकित्सा उपलब्धि हासिल करते हुए 61 वर्षीय महिला रोगी के डिम्बग्रंथि (ओवरी) के कैंसर की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह सर्जरी कैंसर के म्यूसिनस सिस्टेडेनोकार्सिनोमा के संदेह के आधार पर की गई थी, जिसकी पुष्टि इमेजिंग के माध्यम से पेट-पेल्विक क्षेत्र में एक विशाल गांठ के रूप में हुई थी।

May 22, 2025 - 19:23
 0
एसएन मेडिकल कॉलेज में डॊक्टरों ने की जटिल डिम्बग्रंथि कैंसर की सफल सर्जरी 
सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली एसएन मेडिकल कॉलेज की ऑन्कोसर्जरी टीम।

ऑन्कोसर्जरी विभाग की प्रोफेसर डॉ. अंशिका मित्तल अरोड़ा के नेतृत्व में 5 मई को स्टेजिंग लैपरोटॉमी की गई, जिसमें कुल पेट हिस्टेरेक्टॉमी, द्विपक्षीय सैल्पिंगो-ओओफोरेक्टॉमी, पेल्विक लिम्फ नोड डिसेक्शन और सुप्राकोलिक ओमेंटेक्टॉमी जैसी जटिल प्रक्रियाएं शामिल थीं। टीम ने लगभग 30×20 सेंटीमीटर की गांठ को सफलतापूर्वक हटाया।

सर्जरी में डॉ. प्रखर, डॉ. निखिल, डॉ. सुलभ, डॉ. रजनी यादव, डॉ. राघव देव और डॉ. श्रेयश की अहम भूमिका रही। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत लवानिया का भी सहयोग सराहनीय रहा।

ऑन्कोसर्जिकल टीम की विशेषज्ञता और समर्पण के चलते मरीज की रिकवरी अपेक्षाकृत तेजी से हुई और उसे 14 मई को स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, एसएन मेडिकल कॉलेज में सुपरस्पेशलिस्ट चिकित्सकों द्वारा की जा रही ऐसी जटिल सर्जरी न केवल हमारे संस्थान की क्षमताओं को दर्शाती हैं, बल्कि आगरा व आसपास के हजारों मरीजों के लिए एक बड़ी राहत भी साबित हो रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor