सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड, आप ने कहा- पीएम की डिग्री से ध्यान भटकाने की कोशिश

 आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के घर के अलावा ईडी ने 13 और ठिकानों पर रेड मारी है। हॉस्पिटल कंस्ट्रक्शन के मामले में यह रेड हुई है।

Aug 26, 2025 - 11:33
 0
सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड, आप ने कहा- पीएम की डिग्री से ध्यान भटकाने की कोशिश

नई दिल्ली। ईडी ने धन शोधन मामले में दिल्ली आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के घर पर छापा मारा है। सौरभ भारद्वाज के घर के अलावा ईडी की 13 ठिकानों पर रेड चल रही है। हॉस्पिटल कंस्ट्रक्शन मामले में ईडी ने सौरभ भारद्वाज के घर रेड की है।

अस्पताल निर्माण में करीब 5590 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप है। साल 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 अस्पतालों के निर्माण के लिए 5590 करोड़ के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी थी। 6 महीने में आईसीयू अस्पताल बनना था लेकिन 3 साल बाद भी काम अधूरा रहा। इनमें से कई प्रोजेक्ट्स में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं।

800 करोड़ खर्च होने के बावजूद केवल 50 प्रतिशत काम पूरा हुआ। बिना किसी ठोस प्रगति के एलएनजेपी अस्पताल की लागत 488 करोड़ से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये हो गई।  कई स्थानों पर बिना मंजूरी के निर्माण कार्य शुरू किए गए और ठेकेदारों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम 2016 से लंबित है, जिसे जानबूझकर टालने का आरोप है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन इस मामले में जांच के दायरे में हैं। इसको लेकर ईडी ने अपनी ईसीआईआर दर्ज की थी। सौरभ भारद्वाज फिलहाल दिल्ली 'आप' के अध्यक्ष हैं. वे आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. 

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि कल पूरे देश ने पीएम मोदी की डिग्री पर सवाल उठाया। जब डिग्री का सच सामने आया तो ध्यान भटकाने के लिए आज सौरभ भारद्वाज पर ईडी की रेड कराई जा रही है। सवाल साफ था कि क्या उनकी डिग्री फर्जी है? लेकिन उस सवाल का जवाब देने की हिम्मत नहीं पड़ी, इसलिए आम आदमी पार्टी के नेताओं पर रेड डाल दी गई। जिस दौर का ये केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ मंत्री थे ही नहीं। इसका सीधा मतलब है कि जैसे इनकी डिग्री फर्जी है वैसे ही केस भी फर्जी हैं। याद कीजिए सत्येंद्र जैन को तीन साल जेल में रखा गया, सीबीआई और ईडी ने दिन-रात खंगाला, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला।