आगरा में बुज़ुर्ग से 69.70 लाख की बड़ी ठगी, तुलसी इंफ्राहाईट पर गंभीर धोखाधड़ी के आरोप
आगरा में तुलसी इंफ्राहाईट प्रा.लि. पर बुज़ुर्ग से 69.70 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। वर्ष 2016 में बुक किए गए फ्लैट का आज तक कब्जा नहीं मिला। फ्लैट एक से अधिक लोगों को बेचने और धमकी देने के आरोप हैं। पीड़ित की शिकायत पर थाना हरिपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फ्लैट बुक कराया, सालों बाद भी नहीं मिला कब्जा, राजकुमार अग्रवाल और मनोज अग्रवाल के नाम एफआईआर में दर्ज
आगरा। आगरा में बिल्डर की ठगी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रियल एस्टेट सेक्टर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार शिकार बने हैं एक बुज़ुर्ग व्यक्ति, जिनसे 69.70 लाख रुपये लेकर फ्लैट बुक कराया गया, लेकिन करीब नौ साल बीत जाने के बावजूद आज तक उन्हें न तो फ्लैट का कब्जा मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई।
यह मामला तुलसी इंफ्राहाईट प्रा.लि. से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार वर्ष 2016 में उन्होंने इनके प्रोजेक्ट में फ्लैट नंबर 402 बुक कराया था। बिल्डर ने तय समय पर कब्जा देने का भरोसा दिलाया, लेकिन समय बीतता गया और हर बार नई तारीख दी जाती रही।
कब्जा मांगने पर इनकार और धमकी
जब पीड़ित ने लंबे इंतज़ार के बाद फ्लैट का कब्जा मांगा, तो आरोप है कि बिल्डर ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कब्जा मांगने पर पीड़ित को धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे बुज़ुर्ग मानसिक रूप से भी परेशान हैं।
एक फ्लैट, कई खरीदार?
मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि फ्लैट नंबर 402 को एक से अधिक लोगों को बेचा गया। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो यह सुनियोजित धोखाधड़ी का गंभीर मामला बनता है। पीड़ित का कहना है कि बिल्डर ने जानबूझकर लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये वसूले।
थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज
पीड़ित की तहरीर पर थाना हरीपर्वत में राजकुमार अग्रवाल और मनोज अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
एक के बाद एक सामने आ रहे हैं बिल्डर ठगी के मामले
आगरा में लगातार बिल्डरों द्वारा की जा रही ठगी के मामले उजागर हो रहे हैं। आम लोग जीवन भर की जमा पूंजी लगाकर अपने सपनों का घर खरीदते हैं, लेकिन ऐसे मामलों से उनका भरोसा पूरी तरह टूटता नजर आ रहा है।