कबाड़ खरीदने में जेल भेजे गए बुजुर्ग की मौत: परिजनों का आरपीएफ पर थर्ड डिग्री का आरोप
आगरा। आगरा में रेलवे का कबाड़ खरीदने के आरोप में पकड़े गए 60 वर्षीय जगदीश प्रसाद राठौर की जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरपीएफ पर हिरासत में थर्ड डिग्री देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एत्मादुद्दौला क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी जगदीश प्रसाद राठौर को सोमवार सुबह रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे का कबाड़ चोरों से खरीदने के आरोप में पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने उन्हें रेलवे कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मृतक के बेटे देवेंद्र के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे परिवार को फोन पर सूचना मिली कि उनके पिता की तबीयत खराब हो गई है और उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। देवेंद्र ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो पिता होश में थे और उन्होंने बताया कि तबीयत बहुत खराब है। उनका एक पैर बुरी तरह सूज चुका था और लाल पड़ गया था, जिससे साफ लग रहा था कि उनके साथ मारपीट की गई है।
परिजनों का आरोप है कि आरपीएफ ने हिरासत के दौरान जगदीश प्रसाद के साथ थर्ड डिग्री दी और गलत तरीके से केस बनाकर जेल भेज दिया गया। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने आरपीएफ पर सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है और हनुमान नगर क्षेत्र में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।