महानगर भाजपा में 22 मंडल अध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया शुरू
आगरा। बीती रात को संदेश मिला और आज सुबह से महानगर भाजपा के 22 मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 10 बजे से मंडल अध्यक्ष चुनाव के नामांकन शुरू हो गए थे। नामांकन प्रक्रिया अपराह्न एक बजे तक चलेगी। मंडल अध्यक्षों के नाम कल होने वाली कोर कमेटी की बैठक के बाद ही घोषित होंगे।
-सभी 22 मंडलों में चुनाव अधिकारी सुबह दस बजे से स्वीकार कर रहे नामांकन, एक बजे तक होंगे नॊमिनेशन
-कल कोर कमेटी की बैठक तय करेगी सभी 22 मंडलों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल, इन्हीं में से कोई एक बनेगा अध्यक्ष
पिछले दिनों लखनऊ में हुई प्रदेश भर के जिला चुनाव अधिकारियों से कह दिया गया था कि 20 दिसंबर तक मंडल अध्य़क्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर लें। इसी क्रम में आज आगरा महानगर इकाई के 22 मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई है।
जानकार सूत्रों के अनुसार बीती रात आगरा महानगर के सह चुनाव अधिकारी नीरज गुप्ता और महेश शर्मा ने स्थानीय स्तर पर संदेश भेजा कि कल (आज 14 दिसंबर) को मंडल अध्यक्षों के चुनाव कराने हैं। सह चुनाव अधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष पद के दावेदारों के नामांकनों का समय सुबह 10 से एक बजे के बीच तय किया।
महानगर के 22 मंडल अध्यक्षों के चुनाव के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सभी 22 मंडलों में अलग-अलग चल रही है। ये नामांकन मंडलों के चुनाव अधिकारी स्वीकार कर रहे हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार मंडल अध्यक्ष पदों के लिए नामांकन स्वीकार करना एक औपचारिकता भर है क्योंकि मंडल अध्यक्षों का चुनाव नहीं होना है। मंडल अध्य़क्षों का चुनाव सर्वसम्मति से होना है। इसके लिए कल यानि 15 दिसंबर को आगरा महानगर की कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है। मंडलों के चुनाव अधिकारी इसी बैठक में हर मंडल से दाखिल हुए नामांकन पत्रों का ब्यौरा रखेंगे। इसके बाद कोर कमेटी के सदस्य हर मंडल के लिए तीन-तीन नामों का पैनल बनाएगी। यह पैनल प्रदेश कमेटी को भेजे जाएंगे, जिनमें से किसी एक को प्रदेश के स्तर से मंडल अध्यक्ष घोषित किया जाएगा।
ये होते हैं कोर कमेटी में
भाजपा की जिला स्तरीय कोर कमेटी में उस जिले के सांसद, सभी विधायक, एमएलएसी, प्रदेश और क्षेत्रीय कमेटी के उस जिले में रहने वाले पदाधिकारी, महानगर अध्यक्ष और महामंत्री आदि सदस्य होते हैं। आगरा महानगर के लिहाज से देखें तो यहां के सांसद एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, योगेंद्र उपाध्याय, डा. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के अलावा कई और प्रमुख पदाधिकारी इस कमेटी के सदस्य हैं।
हर बड़ा नेता चाहता है अपना मंडल अध्यक्ष
भाजपा में मंडल अध्य़क्ष पद बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि और अन्य बड़े नेता चाहते हैं कि मंडल अध्यक्ष उनकी पसंद के बनें। सभी नेता अपने समर्थक कार्यकर्ताओं से नामांकन दाखिल करा रहे हैं। इन नेताओं के बीच खींचतान कल होने वाली कोर कमेटी की बैठक में देखने को मिलेगी। वहां हरेक की कोशिश होगी कि तीन नामों का जो पैनल तैयार होना है, उसमें वे अपने समर्थक का नाम शामिल करा दें। उधर मंडल अध्यक्ष पद के दावेदार भी पार्टी के बड़े नेताओं का समर्थन जुटाने की मुहिम में लगे हुए हैं।