कोहरे व शीतलहर में सड़क सुरक्षा पर जोर, आगरा में एक्सप्रेस-वे और टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान

आगरा। कोहरे और शीतलहर के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए परिवहन विभाग आगरा द्वारा यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान अखिलेश कुमार द्विवेदी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), आगरा के निर्देशन में तथा आलोक कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), आगरा के नेतृत्व में संचालित किया गया।

Dec 18, 2025 - 22:45
 0
कोहरे व शीतलहर में सड़क सुरक्षा पर जोर, आगरा में एक्सप्रेस-वे और टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान
टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को जागरूक करते परिवहन विभाग के अधिकारी।

आगरा। कोहरे और शीतलहर के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए परिवहन विभाग आगरा द्वारा यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान अखिलेश कुमार द्विवेदी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), आगरा के निर्देशन में तथा आलोक कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), आगरा के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के तहत चार यात्रीकर अधिकारी टीमों ने खंदौली टोल प्लाजा, यमुना एक्सप्रेस-वे, फतेहाबाद टोल प्लाजा, आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस-वे तथा इनर रिंग रोड टोल प्लाजा, कुबेरपुर आगरा पर टोल कर्मियों के सहयोग से वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से सुरक्षा संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया और वाहन चालकों को पैम्पलेट वितरित किए गए।

परिवहन विभाग की टीमों ने वाहन चालकों को कोहरे में रोड साइड खड़े वाहनों, नो-पार्किंग क्षेत्रों में रुकने, गलत तरीके से ओवरटेक करने और लेन चेंज करने से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया। साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप, फॉग लाइट, इंडिकेटर और हाई बीम/लो बीम के सही प्रयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीडिंग और ड्रंकेन ड्राइव को लेकर भी वाहन चालकों को चेतावनी दी गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोहरे और शीतलहर के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे में यात्रा के दौरान गति सीमित रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। विभाग का यह अभियान शीतकालीन मौसम में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।