आगरा के नगरचंद्र में खेत से लौटते समय बिजली का तार गिरने से किसान की दर्दनाक मौत
आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम नगरचंद्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत से काम कर घर लौट रहे एक किसान की मौत अचानक गिरे हाई-वोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय श्रीकृष्णा चौहान पुत्र जवर सिंह के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में खेत से लौटते समय रास्ते में विद्युत पोल से अचानक करंट प्रवाहित तार टूटकर नीचे गिर पड़ा। श्रीकृष्णा चौहान उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतक के घर पर कोहराम मचने के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर शाम करीब पांच बजे फतेहाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के चार बच्चे हैं, जिनमें दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताया और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर तार और खंभों की हालत खराब है, जिसके चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।