फिल्म डान के निर्देशक चंद्र बरोट का निधन

मुंबई। बॉलीवुड में 'डॉन' जैसी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर चंद्र बरोट का निधन हो गया है। चंद्र बरोट 86 साल के थे। उनके निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। एक्टर-फिल्ममेकर फरहान अख्तर ने चंद्र बरोट के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Jul 20, 2025 - 14:15
 0
फिल्म डान के निर्देशक चंद्र बरोट का निधन

उन्होंने चंद्र बरोट की फोटो शेयर करते हुए लिखा-ओरिजनल फिल्म डॉन के डायरेक्टर चंद्र बरोट अब इस दुनिया में नहीं रहे, ये जानकर दुख हुआ। श्रद्धांजलि। परिवार के प्रति गहरी संवेदना।

चंद्र बरोट की पत्नी दीपा बरोट ने उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'चंद्र बरोट पिछले 7 सालों से पल्मोनरी फाइब्रोसिस से जूझ रहे थे। उनका गुरु नानक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। इससे पहले वो जसलोक हॉस्पिटल में भी भर्ती हुए थे।
 
चंद्र बरोट की जर्नी के बारे में बात करें तो उन्होंने फिल्ममेकर मनोज कुमार के अंदर रहकर काम किया। उन्होंने कई चर्चित प्रोजेक्ट जैसे पूरब और पश्चिम में असिस्ट किया। जब उन्होंने डॉन में काम किया, तो इसके साथ उन्होंने डायरेक्शन की शुरुआत तो की, साथ ही अपने करीबी दोस्त और सिनेमैटोग्राफर-निर्माता नरीमन ईरानी की मदद करने की एक कोशिश की थी।

फिल्म डॉन में अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे। ये फिल्म कल्ट क्लासिक फिल्म है और इससे चंद्र बरोट का नाम भी दिग्गज डायरेक्टर्स की लिस्ट में शुमार हो गया था। चंद्र बरोट ने डॉन से डायरेक्टोरियल डेब्यू किया था। डॉन के बाद उन्होंने बंगाली फिल्म आश्रित, प्यार भरा दिल बनाई। इसके अलावा उनकी बास तथा नील को पकड़ना जैसी फिल्में अधूरी रह गई और कभी रिलीज नहीं हुईं।

डॉन की लेगेसी आगे भी जारी रही. 2006 में शाहरुख डॉन लेकर आए। उन्होंने इस फिल्म से चंद्र बरोट की ओरिजनल डॉन को ट्रिब्यूट दिया। अब डॉन पर तीसरी फिल्म आने वाली है। इस फिल्म में रणवीर सिंह और कृति सेनन होंगे।