आगरा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- प्रदेश बना आर्थिक दृष्टि से सशक्त, प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी
आगरा। उत्तर प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने आर्थिक मोर्चे पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ निर्यात (एक्सपोर्ट) दोगुना हुआ है, विकास कार्यों की गति तेज हुई है और निवेश के नए रास्ते खुले हैं।
-कोषागार पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण, कहा- योगी सरकार ने प्रदेश को आर्थिक मोर्चे पर ऊंचाई दी
कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का स्वागत करते एमएलसी विजय शिवहरे। साथ मौजूद हैं विधायक छोटे लाल वर्मा।
वे शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित कोषागार के नवनिर्मित पेंशनर्स कक्ष के लोकार्पण अवसर पर आगरा पहुंचे थे। लोकार्पण के बाद उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
पेंशनर्स कक्ष से मिलेगी राहत, 1.26 करोड़ से हुए निर्माण कार्य
वित्त मंत्री ने बताया कि कोषागार में आने वाले पेंशनर्स की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए 1.26 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्माण कराया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को बैठने, दस्तावेज़ी कार्य और परामर्श आदि में सहूलियत मिलेगी।
योगी सरकार में आर्थिक सुधारों की रफ्तार तेज
इस कार्यक्रम के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रेसवार्ता में कहा कि जब भाजपा ने प्रदेश में सरकार बनाई थी, तब एक लाख करोड़ का निर्यात था। आज यह आंकड़ा दो लाख करोड़ को पार कर गया है। यह प्रदेश की आर्थिक सुदृढ़ता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की दृढ़ इच्छा शक्ति और नीति आयोग द्वारा सराही गई कार्यप्रणाली से प्रदेश में निवेश और व्यापार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
रोजगार, व्यापार और इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा उछाल
वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार के ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) और एमएसएमई योजनाओं के कारण यूपी में स्थानीय उद्योग फले-फूले हैं। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला है और गांव-शहर का विकास संतुलित रूप से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे क्रियाशील हो चुके हैं, जिनमें से चार पूर्णतः सक्रिय हैं और एक शीघ्र ही चालू होगा।
कानून व्यवस्था और विकास दोनों पर पैनी नजर
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीधी निगरानी में कानून व्यवस्था और विकास योजनाएं चल रही हैं। 25 करोड़ जनता की खुशहाली के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पुलिस सुधार, सड़क, बिजली, जल योजनाओं से लेकर कृषि और उद्योग तक, हर क्षेत्र में सरकार जनहित को सर्वोपरि मानती है।
लोकार्पण समारोह में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर वित्त मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम में मंच पर मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, विधायक छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित तमाम जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।