आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार एंडोवैस्कुलर न्यूरो-इंटरवेंशन सर्जरी, वह भी मुफ्त

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) ने चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। कॉलेज की कार्डियक कैथ लैब में पहली बार एंडोवैस्कुलर न्यूरो-इंटरवेंशन प्रक्रिया (एंटीरियर कम्युनिकेटिंग आर्टरी एन्यूरिज्म कॉइलिंग) पूरी तरह निःशुल्क की गई। यह वही जीवन-रक्षक और जटिल सर्जरी है जो आमतौर पर दिल्ली जैसे बड़े शहरों में लगभग 15 लाख रुपये में होती है। लेकिन एसएनएमसी ने आयुष्मान योजना के अंतर्गत इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण जगा दी है।

Aug 25, 2025 - 14:27
 0
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार एंडोवैस्कुलर न्यूरो-इंटरवेंशन सर्जरी, वह भी मुफ्त
एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार एंडोवैस्कुलर न्यूरो-इंटरवेंशन सर्जरी करने वाले डॊक्टर व अन्य सहयोगी स्टाफ।

एसएन मेडिकल कॉलेज में इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराना कई विभागों के संयुक्त प्रयास का परिणाम रहा। न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी, इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी, एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर विभागों ने मिलकर इसे संभव बनाया।

इस टीम में कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार गुप्ता, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव धाकरे, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. तरुणेश शर्मा, दिल्ली से इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अंशुल, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के डॉ. पल्लव गुप्ता और एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. प्रभा शामिल थीं। इनके साथ रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सों और तकनीशियनों ने भी अहम भूमिका निभाई।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल एसएनएमसी की चिकित्सा क्षमताओं को नई ऊंचाई देती है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करती है कि अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों को दिल्ली जैसे बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि न्यूरो-इंटरवेंशन की इस सुपर सब-स्पेशलिटी के गठन से आने वाले वर्षों में आगरा और आसपास के जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं घर के पास ही उपलब्ध हो सकेंगी।

डॉ. गुप्ता ने इसे संस्थान की मरीजों को सर्वोत्तम संभव इलाज उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया और उम्मीद जताई कि यह पहल भविष्य में चिकित्सा जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

SP_Singh AURGURU Editor