प्रेममग्न नाग-नागिन को मारकर जंगल के प्रेम की लौ को डंडों से बुझा दिया गया था, तीन पर केस

पिनाहट (आगरा)। वो नाच रहे थे, लहरों-सी लहराते हुए... खेतों के किनारे जीवन की एक सौम्य क्रीड़ा में लीन दो सांप यानि नाग और नागिन की जोड़ी। लेकिन मानव क्रूरता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रकृति के प्रेम को हम शायद अब भी समझ नहीं पाए। दो दिन पहले सांप के जोड़े को मारकर जला दिया गया था। अब वन विभाग ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

Jun 28, 2025 - 17:29
Jun 28, 2025 - 19:31
 0
प्रेममग्न  नाग-नागिन को मारकर जंगल के प्रेम की लौ को डंडों से बुझा दिया गया था, तीन पर केस
विप्रावली गांव में नहर किनारे सांप की क्रीड़ारत जोड़ी।

-नाचते नाग-नागिन की जोड़ी को पीटकर मारने की घटना ने झकझोर दिया था हर किसी का मन, वीडियो वायरल होने पर वन विभाग ने दर्ज कराया केस

सांप की जोड़ी को मारते लोग और फिर से इन्हें आग में जलाया जा रहा है।

थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव विप्रावली के पास 26 जून की दोपहर, नहर किनारे खेतों में नृत्य क्रीड़ा करती सांपों की इस जोड़ी पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्पष्ट दिखता है कि सफेद रंग के यह दोनों सांप निर्भय होकर अपनी स्वाभाविक क्रिया में मग्न थे। नाग-नागिन का जोड़ा प्राकृतिक लय में थिरक रहा था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद रंग के दोनों सांप एक-दूसरे से लिपटे हुए हैं और क्रीड़ा की मुद्रा में हैं और आसपास के लोग उत्सुकता से उन्हें देख रहे हैं। तभी हरी सिंह और उसके बेटे प्रमोद व बल्ला ने मिलकर उन पर कहर बरपाया। इन लोगों ने लाठियों से हमला कर कर इन बेजुबान जीवों की जान ले ली।

महिला की मिन्नतें भी नहीं पिघला पाईं दिल

वीडियो में एक महिला की आवाज़ सुनाई देती है- इन्हें मारना मत..., लेकिन हिंसा का नशा या अंधविश्वास, कुछ भी कहें, तीनों आरोपियों ने निर्दयता की सारी सीमाएं पार करते हुए सांपों की डंडों के प्रहार कर दी और फिर उनके शवों को जला भी दिया।

सांपों की जोड़ी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा रही थी, फिर भी उन्हें केवल एक भय या कुरीति के आधार पर मारा जाना एक सामूहिक चेतना पर प्रश्नचिन्ह है।

वन विभाग ने लिया संज्ञान, केस दर्ज

सोशल मीडिया पर यह हृदय विदारक वीडियो वायरल होते ही वन विभाग सक्रिय हुआ। वनरक्षक सोनवीर ने अपने साथी सदानंद के साथ मौके पर जाकर जांच की और ग्रामीणों से बातचीत में वीडियो की पुष्टि की। इसके आधार पर हरी सिंह, प्रमोद और बल्ला के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत थाना पिनाहट में मामला दर्ज कराया गया है।

जले हुए सांपों के अवशेष अरनौटा रेंज कैंपस लाए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी ताकि भविष्य में कोई जीव हत्या को मनोरंजन या परंपरा का हिस्सा न समझे।

SP_Singh AURGURU Editor