कोहरे में मौत का कहरः बरेली में दो अलग-अलग हादसों में एक ही दिन पांच मजदूरों की दर्दनाक मौत, ट्रकों ने बाइक और ई-रिक्शा को रौंदा, मृतकों में पिता और उसके दो बेटे
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। घने कोहरे और तेज रफ्तार ने गुरुवार को बरेली में तबाही मचा दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। कहीं मजदूरी पर निकले पिता और उसके दो बेटों की जान चली गई तो कहीं ई-रिक्शा सवार मजदूरों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। दोनों घटनाओं के बाद गांवों और परिवारों में कोहराम मच गया है।
देवरनियां क्षेत्र में बाइक सवार पिता और दो बेटों को ट्रक न रौंदा, तीनों की मौत
एक घटना देवरनियां थाना क्षेत्र की है, जहां इटौआ गांव निवासी पप्पू (55) अपने बेटों विशाल (15) और विवेक (20) के साथ सुबह करीब छह बजे बाइक से मजदूरी करने किच्छा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गुडवर गांव के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने बाइक को रौंद दिया।
क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
परिजनों के मुताबिक पप्पू मेहनत-मजदूरी कर अपने छह बच्चों का पालन-पोषण करता था। पत्नी शीला का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
हाफिजगंज क्षेत्र में ट्रक ने ई-रिक्शा को कुचला, दो मजदूरों की मौत
दूसरी दर्दनाक घटना बरेली-पीलीभीत हाईवे पर थाना हाफिजगंज क्षेत्र में राजश्री कॉलेज के सामने हुई। घने कोहरे में तेज रफ्तार ट्रक ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारकर कुचल दिया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसे में सलीम (35) पुत्र आजाद हुसैन और हाशिम (35) पुत्र हमदाद हुसैन, निवासी रिछोला किफायत उल्ला, थाना नवाबगंज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नसरुद्दीन (36) पुत्र शमशाद और रईस अहमद उर्फ मजले (34) पुत्र सल्लन, निवासी यासीन नगर, गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी मजदूर रोज की तरह ई-रिक्शा से मजदूरी करने रिठौरा जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।