लद्दाख में लापता हुए आगरा के चारों युवक सुरक्षित मिले, परिवार ने ली राहत की सांस
आगरा के चार युवक लद्दाख यात्रा के दौरान अचानक लापता हो गए थे, जिससे परिजनों में चिंता फैल गई। दो दिन तक संपर्क न होने पर सदर थाना में मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच में सामने आया कि खराब मौसम और नेटवर्क समस्या के कारण संपर्क टूट गया था। लेह-लद्दाख पुलिस ने चारों युवकों को सुरक्षित ढूंढ लिया है। परिवार उन्हें लेने रवाना हो गया है और उनकी जल्द वापसी की उम्मीद है।
खराब मौसम बना संपर्क टूटने की वजह,
ट्रिप पर गए दोस्त, अचानक टूटा परिवार से संपर्क
आगरा। आगरा के चार युवकों के लद्दाख में लापता होने की खबर से उनके परिवारों में हड़कंप मच गया था। चारों दोस्त एक साथ लद्दाख घूमने गए थे, लेकिन अचानक दो दिनों तक जब उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और पुलिस में मिसिंग कंप्लेन दर्ज करानी पड़ी।
लापता युवकों की पहचान मधुनगर निवासी शिवम चौधरी, उनके मित्र जयवीर चौधरी, यश मित्तल और सुधांशु फौजदार के रूप में हुई है। चारों दोस्त पढ़ाई करते हैं और 6 जनवरी को आगरा से अपनी किया सोल्टेज कार से लद्दाख की यात्रा पर निकले थे।
लद्दाख पहुंचकर परिवार से हुई थी नियमित बातचीत
चारों युवक सुरक्षित रूप से लद्दाख पहुंच गए थे। वहां उन्होंने नया मोबाइल नंबर लिया और परिवार से लगातार संपर्क में रहे। परिजनों के मुताबिक, युवकों ने लेह स्थित पेंगोंग झील से वीडियो कॉल कर घरवालों से बातचीत भी की थी।
पेंगोंग झील के बाद टूटा संपर्क
परिवार के अनुसार, पेंगोंग झील से बातचीत के बाद अचानक युवकों के मोबाइल बंद हो गए। कई बार कॉल करने के बावजूद जब संपर्क नहीं हो सका तो परिजन बेहद परेशान हो गए। आखिरकार 11 जनवरी को सदर थाना आगरा में युवकों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, लेह-लद्दाख पुलिस से साधा संपर्क
मामले की सूचना मिलते ही आगरा पुलिस ने जांच शुरू की और परिजनों को लेह-लद्दाख पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। जांच के दौरान मंगलवार शाम राहत भरी खबर सामने आई कि चारों युवकों की लोकेशन ट्रेस कर ली गई है।
खराब मौसम के कारण नहीं मिल रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि लद्दाख में खराब मौसम और नेटवर्क समस्या के चलते युवकों का मोबाइल सिग्नल नहीं मिल रहा था, जिसकी वजह से संपर्क टूट गया था। युवकों के सुरक्षित मिलने की पुष्टि के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
परिवार लद्दाख रवाना, कल वापसी की उम्मीद
परिवार के सदस्य युवकों को लेने के लिए लद्दाख रवाना हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, चारों युवकों को बुधवार को आगरा वापस लाया जाएगा। पूरे मामले की औपचारिक जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने दी पुष्टि
इस संबंध में एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि लेह-लद्दाख पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चारों युवक सुरक्षित हैं। संपर्क टूटने की वजह केवल मौसम और नेटवर्क समस्या रही।