यादों की महक, मिलन की चमक: आगरा के श्री राम स्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज में पूर्व छात्राओं का भावनाओं से भरा संगम
आगरा। श्री राम स्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी में आयोजित पूर्व छात्रा सम्मेलन वर्षों पुरानी यादों, रिश्तों और अपनापन की खुशबू से महक उठा। देश–दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बना चुकीं पूर्व छात्राएं जब एक ही छत के नीचे फिर से मिलीं, तो बचपन के वही दिन, वही दोस्तियां और स्कूल की वही मधुर अनुभूतियां फिर से जीवंत हो उठीं। कक्षाओं की यादें, शिक्षकों के मार्गदर्शन और साथ बिताए पलों को याद कर कई आँखें नम भी हुईं और चेहरों पर मुस्कान भी खिली।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई,त जिसमें आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं स्कूल के मैनेजर टीएन अग्रवाल, प्रधानाचार्य कुमुद ग्रोवर, पूर्व छात्रा सम्मेलन अध्यक्ष मधु बंसल, शिखा गोयल, एड. सतीश बंसल, विनोद कुमार अग्रवाल, भगवान दास बंसल, अशोक मंगवानी, नितेश अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, कन्हैया लाल राठौर, बृजमोहन रेपुरिया, राजीव गुप्ता, राजेश अग्रवाल, नंद किशोर गोयल, योगेश रखवानी, राजेश सिंघल, देवेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे।
समारोह में पूर्व शिक्षिकाएं, कुसुम कुलश्रेष्ठ, मंगलेश, ब्रजेश और राजकुमारी मदान का सम्मान किया गया। साथ ही दुष्यंत गर्ग और प्रीति गर्ग ने कक्षा 10 की टॉपर छात्रा अनम खलीक को प्रतिभा सम्मान स्वरूप साइकिल भेंट की।
तीन पीढ़ियों का भावनात्मक मिलन
सम्मेलन के दौरान एक विशेष दृश्य ने सभी को भावुक कर दिया। पूर्व शिक्षिका मीना शर्मा अपनी बेटी शुभ्रा शर्मा और भतीजी अक्षरा शर्मा के साथ पहुंचीं। तीन पीढ़ियों का यह एक साथ उपस्थित होना स्कूल के प्रति गहरा लगाव और परंपरा का सुन्दर उदाहरण बना।
इसी तरह, मंजू गर्ग और नेहा गर्ग, जो कभी इस कॊलेज की छात्राएं थीं, आज सास–बहू हैं, का साथ आना भी सभी के लिए विशेष आकर्षण रहा।
अपने संबोधन में टीएन अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय की शोहरत उसकी छात्राओं से है, जो आज चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, शिक्षिका आदि बनकर समाज में उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यू.पी. बोर्ड से पास होना चुनौतीपूर्ण है और यहां की छात्राएं हमेशा अपनी मेहनत से यह साबित करती आई हैं कि वे जीवन में कभी असफल नहीं होतीं।
प्रधानाचार्य कुमुद ग्रोवर ने कहा कि पूर्व छात्राओं का यह पुनर्मिलन विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की असली पहचान उसके पूर्व छात्र होते हैं।
कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण पर आयोजित गोष्ठी में वर्तमान छात्राओं ने अपने विचार रखे। समाज में महिलाओं की भूमिका और नेतृत्व पर जोर देते हुए छात्राओं ने प्रभावी वक्तव्य प्रस्तुत किए, जिनके लिए उन्हें आगरा व्यापार मंडल की ओर से नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन और संगीत व नृत्य की प्रस्तुतियों के बीच यादों भरी मुस्कानों के साथ हुआ।