लीडर्स आगरा अवॉर्ड 2026’ बनेगा स्वच्छता, सेवा और सकारात्मक बदलाव का मंच, 18 श्रेणियों में दिये जाएंगे 22 अवार्ड

आगरा। शहर में समाजसेवा, स्वच्छता और नागरिक कर्तव्य के प्रति जागरूकता को नई धार देने वाले संस्था लीडर्स आगरा द्वारा आयोजित ‘लीडर्स आगरा अवॉर्ड 2026’ के आमंत्रण पत्र का विमोचन बुधवार को महाराजा अग्रसेन भवन स्थित पुष्पांजलि सभागार में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 22 विशिष्ट व्यक्तित्वों को 18 श्रेणियों में सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई।

Feb 18, 2026 - 17:43
 0
लीडर्स आगरा अवॉर्ड 2026’ बनेगा स्वच्छता, सेवा और सकारात्मक बदलाव का मंच, 18 श्रेणियों में दिये जाएंगे 22 अवार्ड
महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार में लीडर्स आगरा अवॉर्ड के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग, अध्यक्ष डॉ. पार्थसारथी शर्मा, महामंत्री सुनील जैन, पार्षद शरद चौहान आदि।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने बताया कि 22 फरवरी को हरीपर्वत स्थित शांति सागर सभागार (एमडी जैन, हरिपर्वत) में होने वाला यह भव्य अवॉर्ड समारोह इस वर्ष हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को समर्पित रहेगा। उनके प्रेरक व्यक्तित्व और संघर्षशील जीवन को नमन करते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा।

संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग ने कहा कि लीडर्स आगरा अवॉर्ड केवल सम्मान प्रदान करने का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नागरिक जिम्मेदारी का उत्सव है। इसका उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सामने लाना है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से शहर और समाज के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

महामंत्री सुनील जैन ने जानकारी दी कि यह सम्मान विभिन्न समाजसेवियों की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। संस्था का प्रयास सेवा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना है, ताकि युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिल सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष समाजसेवा, व्यापार, चिकित्सा, खेल, साहित्य, संस्कृति, राजनीति, वीरता, गैर-सरकारी संगठन, राष्ट्रप्रेम, पत्रकारिता, महिला शक्ति, शिक्षा, प्राइड ऑफ आगरा तथा श्रेष्ठ नागरिक जैसी 18 श्रेणियों में 22 विशिष्ट व्यक्तित्वों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में शहर के प्रबुद्धजनों के सुझावों के साथ आमजन से प्राप्त नामांकनों को आधार बनाया गया।

समारोह के दौरान ‘स्वच्छ आगरा’ का सशक्त संदेश भी दिया गया। संस्था द्वारा नागरिकों से आह्वान किया जाएगा कि वे स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श बनाने में सक्रिय सहयोग दें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अशोक कुमार, केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल तथा सांसद नवीन जैन की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर पार्षद शरद चौहान, हरिकांत शर्मा, एस.के. बग्गा, डॉ. अशोक कुशवाह, राजदीप सिंह ग्रोवर, राहुल जैन, रॉबिन जैन, ऋतुराज दुबे, स्वीटी चौहान, अंजली गुप्ता, आयुषी गुप्ता, ज्योति बुद्धि राजा, सृष्टि दुबे, डिंपल वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor