मोती कटरा में महावीर भक्ति का महापर्वः विधान, भजन और सम्मान समारोह में उमड़ी आस्था

आगरा। भगवान महावीर स्वामी के 2526वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर आगरा के मोती कटरा स्थित श्री 1008 महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित श्री महावीर विधान एवं सम्मान समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के अद्भुत संगम के साथ सम्पन्न हुआ। आचार्य श्री चैत्यसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में हुए इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

Apr 3, 2026 - 21:33
 0
मोती कटरा में महावीर भक्ति का महापर्वः विधान, भजन और सम्मान समारोह में उमड़ी आस्था
मोती कटरा जैन मंदिर में शुक्रवार को आयोजित श्री महावीर विधान समारोह की एक झलक।

प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ हुए श्री महावीर विधान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने विधि-विधानपूर्वक पूजन कर धर्म लाभ अर्जित किया। पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में सभी मांगलिक क्रियाएं सम्पन्न कराई गईं।

विधान के दौरान प्रसिद्ध संगीतकार हेमलता जैन के मधुर भजनों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। उनके सुरमयी भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए, जिससे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक तरंगें गूंज उठीं।

इसके उपरांत प्रातः 11:00 बजे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में यूपी सरकार के मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय एवं धर्मवीर प्रजापति की उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा दोनों अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

इसी क्रम में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव की व्यवस्थाओं को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं एवं सेवाभावी व्यक्तियों का भी सम्मान कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक एवं महामंत्री अनंत कुमार जैन द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित रूप प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में दोपहर 12:00 बजे से सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन की सफलता पर समिति के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Top of Form

जैन मंदिर में प्रतिमा प्रथम दर्शन और तिलक दान उत्सव में उमड़ी आस्था

एमडी जैन इंटर कॊलेज परिसर स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिमा दर्शन करते श्रद्धालुजन।

आगरा। धर्मनगरी आगरा में शुक्रवार की प्रातः बेला भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई, जब श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, एम.डी. जैन इंटर कॉलेज परिसर, हरीपर्वत में प्रतिमा प्रथम दर्शन एवं तिलक दान उत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए और दिव्य वातावरण में धर्मलाभ प्राप्त किया।

इस पावन अवसर पर सर्वतोभद्र जिनालय, न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर में विराजमान होने जा रही मूलनायक भगवान आदिनाथ सहित सभी पाषाण 11 प्रतिमाओं के प्रथम दर्शन कर श्रद्धालुओं ने स्वयं को धन्य महसूस किया। मंदिर परिसर भक्ति, मंगलाचरण और जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।

निर्यापक मुनिश्री विलोक सागर महाराज एवं मुनिश्री विबोध सागर मुनिराज के सानिध्य में प्रथम तिलक दान की मंगलमयी क्रिया विधिपूर्वक सम्पन्न हुई। पंडित संदीप जैन शास्त्री के निर्देशन में समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से तिलक अर्पित कर पुण्य अर्जित किया।

संतों के आशीर्वचनों ने उपस्थित जनसमूह को धर्म, संयम और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के उपरांत सभी प्रतिमाओं को गाड़ी के माध्यम से एमडी जैन इंटर कॉलेज से डी ब्लॉक कमला नगर, शालीमार एनक्लेव, कर्मयोगी एनक्लेव होते हुए सर्वतोभद्र जिनालय, बल्केश्वर तक ले जाया गया।

SP_Singh AURGURU Editor