आगरा के रुनकता में बनेगा भव्य राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और 20 बेड का हॉस्पिटल

सामाजिक और आध्यात्मिक संवेदनाओं का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए रुनकता में कृष्ण राधे की सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट ने राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और 20 बेड वाले आधुनिक हॉस्पिटल के निर्माण की घोषणा की है। यह परियोजना न केवल धर्म और आस्था के केंद्र के रूप में स्थापित होगी, बल्कि असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य और आश्रय का सुरक्षित स्थान भी बनेगी।

Nov 17, 2025 - 19:02
 0
आगरा के रुनकता में बनेगा भव्य राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और 20 बेड का हॉस्पिटल
कनक पैलेस होटल, सिकंदरा रोड पर कृष्ण राधे की सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित उद्घोषणा समारोह में राधा कृष्ण अष्टसखी मंदिर निर्माण के पोस्टर का विमोचन करते जितेंद्र चौहान और पूरन डावर, कामता प्रसाद अग्रवाल। साथ हैं उमेश बंसल, देवानंद बाबा, सुमंत यादव, कुलदीप ठाकुर, अजय अग्रवाल आदि।

आगरा। सिकंदरा रोड स्थित कनक पैलेस होटल में सोमवार को आयोजित उद्घोषणा समारोह में कृष्ण राधे की सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट ने रुनकता में एक नया धार्मिक और सामाजिक केंद्र स्थापित करने की योजना का अनावरण किया। ट्रस्ट द्वारा राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और 20 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनाने की घोषणा की गई, जो समाज के वंचित और असहाय वर्गों को सेवा, चिकित्सा और मानवीय सहारा प्रदान करेगा।

मुख्य संरक्षक जितेंद्र चौहान ने बताया कि रुनकता में साईं बाबा मंदिर परिसर के भीतर संचालित देवानंद दिव्यांग आश्रम में फिलहाल 48 असहाय बच्चों और वृद्धों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और देखभाल प्रदान की जा रही है। यही सेवा अब बड़े पैमाने पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर और अस्पताल का निर्माण असहायों की सुरक्षा, चिकित्सा और भविष्य के लिए महत्त्वपूर्ण कदम होगा।

बाबा देवानंद (विजय मल्होत्रा) ने कहा कि राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर का निर्माण सफेद दूधिया संगमरमर से किया जाएगा और इसमें 51 सीढ़ियां होंगी, जो इसे एक विशिष्ट और आकर्षक आध्यात्मिक केंद्र बनाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर में आने वाली दान राशि का उपयोग सीधे आश्रम और अस्पताल के संचालन एवं बच्चों की शिक्षा, भोजन और स्वास्थ्य के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बरसाना के बाद आगरा में यह पहला इतना भव्य अष्टसखी मंदिर होगा।

लीलावती अस्पताल, मुंबई ने इस परियोजना में सहयोग देने का वादा किया है, जिससे अस्पताल के निर्माण और संचालन में विशेषज्ञता व संसाधन मिलेंगे। यह अस्पताल गरीब और बेसहारा लोगों के लिए नि:शुल्क या रियायती दर पर चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान करेगा।

ट्रस्ट के नवमनोनीत अध्यक्ष और फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा, धर्म का सच्चा संदेश तभी पूर्ण होता है जब समाज का हर वर्ग निरोगी और सुरक्षित हो। यह परियोजना समाज और धर्म दोनों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाली है और मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाऊंगा।

समारोह में ट्रस्ट के अध्यक्ष कामता प्रसाद अग्रवाल ने सामाजिक कार्यों और परियोजना की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उमेश बंसल, सुमंत यादव, कुलदीप ठाकुर, अजय अग्रवाल, राहुल कुमार, पवन अग्रवाल, पवन विधिचंद अग्रवाल, बबलू प्रजापति, हरेंद्र सिंह, रिचा वार्ष्णेय, बबीता पाठक, हेमलता, विनोद कुमार, प्रमेंद्र सिकरवार, जय सिंह सहित कई बुजुर्ग एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor